टनकपुर। खेल निदेशालय उत्तराखण्ड के सौजन्य एवं जिला खेल कार्यालय चम्पावत के तत्वावधान में स्वर्गीय मेजर ध्यानचन्द जी के जन्मदिवस राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर हॉकी अंडर-23 बालक वर्ग की प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में टनकपुर स्टेडियम ए की टीम ने शानदार और आक्रामक प्रदर्शन करते हुए चम्पावत को 8-1 के बड़े अंतर से पराजित कर प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम कर लिया।

प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला टनकपुर स्टेडियम ए और चम्पावत के मध्य खेला गया। शुरुआत से ही टनकपुर की टीम ने विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा और शानदार तालमेल के साथ लगातार गोल करते हुए मुकाबले में अपनी मजबूत पकड़ बना ली। अंततः टनकपुर ने चम्पावत को 8-1 से पराजित कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
फाइनल मुकाबले में टनकपुर की ओर से रोहित ने 2 गोल, राजेंद्र ने 2 गोल, मनीष ने 1 गोल, राहुल ने 1 गोल तथा दिव्यांशु ने 2 गोल कर टीम की शानदार जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं चम्पावत की ओर से रोनक ने 1 गोल किया।
हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता के अंतर्गत पहले सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। पहले सेमीफाइनल में टनकपुर स्टेडियम ए ने टनकपुर स्टेडियम बी को 5-3 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में चम्पावत ने लोहाघाट को 2-0 से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राज्य दर्जा मंत्री मनोज कालाकोटी, अम्बा दत्त पंत, लक्ष्मण सिंह पाटनी, केशव भंडारी एवं मीडिया प्रभारी सौरभ गुप्ता द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए। अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और खेलों में आगे बढ़कर क्षेत्र व प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका स्नेहा, अमोल एवं अभिषेक ने निभाई।

इस अवसर पर स्टेडियम इंचार्ज एवं खेल छात्रावास सहायक प्रशिक्षक (बॉक्सिंग) ललित मोहन कुँवर, फुटबॉल प्रशिक्षक पवनेश पाटनी, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, मनीषा जोशी, मनमोहन डांगी, बास्केटबॉल प्रशिक्षक सुभाष पांडे, ताईक्वांडो प्रशिक्षक इमरान अली, रचित वल्दिया, चंद्र सिंह खोलिया, ममता बिष्ट, दीपक पचोली, भुवन जोशी एवं हीरा सहित खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर अतिथियों एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों तथा आयोजन से जुड़े कार्मिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इस प्रतियोगिता ने युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान किया और खेल के प्रति युवाओं में उत्साह भी बढ़ाया।

Reporter – Shubham Gaur


