टनकपुर/चंपावत। देवभूमि उत्तराखंड के सीमांत जनपद चंपावत के टनकपुर क्षेत्र की पावन धरती पर आज उत्तराखंड सरकार की महत्वपूर्ण एवं ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक आयोजित हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित इस बैठक को क्षेत्र के विकास और जन आकांक्षाओं की पूर्ति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के रूप में देखा जा रहा है।
कैबिनेट बैठक के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, शहरी विकास मंत्री राम सिंह खेड़ा सहित प्रदेश के अन्य मंत्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान सीमांत क्षेत्र टनकपुर-बनबसा सहित पूरे चंपावत जनपद के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और लंबे समय से लंबित महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर उम्मीदें भी मजबूत हुई हैं।
नगर क्षेत्र की वर्षों पुरानी एवं प्रमुख समस्याओं में शामिल तराई-भाबर गवर्नमेंट स्टेट के पट्टों की लीज के नवीनीकरण तथा नगरीय क्षेत्र के पात्र नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के मुद्दे को लेकर भी महत्वपूर्ण सहमति बनने की बात सामने आई है। इन निर्णयों से लंबे समय से इन समस्याओं से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
विशेष रूप से प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर पालिका परिषद टनकपुर के विभिन्न वार्डों में निवासरत पात्र नागरिकों को लाभान्वित किए जाने की दिशा में हुई पहल को जनहित में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वहीं पट्टों की लीज के नवीनीकरण का विषय भी टनकपुर क्षेत्र के हजारों परिवारों से जुड़ा हुआ महत्वपूर्ण मुद्दा रहा है।
ऐसे में मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आयोजित यह कैबिनेट बैठक केवल एक प्रशासनिक बैठक न होकर सीमांत क्षेत्र के विकास, जनसमस्याओं के समाधान और क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांगों को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखी जा रही है।
नगर की जनता एवं नगर पालिका परिषद टनकपुर बोर्ड की ओर से क्षेत्र की इन प्रमुख समस्याओं के समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल और सहमति प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं प्रदेश सरकार का सादर आभार एवं हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया गया।
स्थानीय लोगों का मानना है कि टनकपुर में आयोजित यह ऐतिहासिक कैबिनेट बैठक आने वाले समय में टनकपुर-बनबसा और पूरे चंपावत के विकास का नया अध्याय लिखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।


