टनकपुर, 2 अक्टूबर 2026। गांधी जयंती के अवसर पर खेल निदेशालय उत्तराखंड के सौजन्य एवं जिला खेल कार्यालय चम्पावत के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा और दमखम का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ टनकपुर कोतवाल चेतन रावत ने किया। प्रतियोगिता का आयोजन जिला क्रीड़ा अधिकारी बबीता बिष्ट के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य चल्थी एवं विशिष्ट अतिथि नवीन चौहान की गरिमामयी उपस्थिति रही।
चार वर्गों में हुई क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के लिए अलग-अलग वर्ग एवं दूरी निर्धारित की गई थी। अंडर-14 बालक एवं बालिका वर्ग में 4 किलोमीटर, ओपन बालिका वर्ग में 5 किलोमीटर तथा ओपन बालक वर्ग में 10 किलोमीटर की क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता आयोजित की गई।
दौड़ के दौरान खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों में प्रतियोगिता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
अंडर-14 बालक वर्ग में दीपांशु गहतोड़ी ने मारी बाजी
अंडर-14 बालक वर्ग में दीपांशु गहतोड़ी ने प्रथम स्थान प्राप्त कर स्वर्ण स्थान हासिल किया। पवन सिंह द्वितीय तथा मयंक गुप्ता तृतीय स्थान पर रहे। इसके अलावा गुंजित भंडारी चौथे, प्रकाश पांचवें और आयुष ऐरी छठे स्थान पर रहे।
अंडर-14 बालिका वर्ग में सीमा बोहरा प्रथम
अंडर-14 बालिका वर्ग में सीमा बोहरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। नैना ने द्वितीय और प्रीति जोशी ने तृतीय स्थान हासिल किया। पूजा चौथे, मेघा पांचवें तथा राशि छठे स्थान पर रहीं।
ओपन बालक वर्ग में अबीर खान ने हासिल किया पहला स्थान
ओपन बालक वर्ग में अबीर खान ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सौरभ सिंह द्वितीय तथा दिव्यांशु राणा तृतीय स्थान पर रहे। नितिन सिंह चौथे, करन सिंह पांचवें और मनीष सिंह छठे स्थान पर रहे।
ओपन बालिका वर्ग में अंकिता ने हासिल किया प्रथम स्थान
ओपन बालिका वर्ग में अंकिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। वंशिका ने द्वितीय तथा प्रीति ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रियंका चौथे, स्नेहा पांचवें और उर्वशी छठे स्थान पर रहीं।
खेल प्रशिक्षकों एवं स्टेडियम स्टाफ की रही महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता के आयोजन में स्टेडियम प्रभारी गौरव खोलिया, स्पोर्ट्स हॉस्टल बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुँवर, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, फुटबॉल प्रशिक्षक पवनेश पाटनी, बास्केटबॉल प्रशिक्षक राजेंद्र सिंह धामी, ताइक्वांडो प्रशिक्षक इमरान अली, वॉलीबॉल प्रशिक्षक आशा पांडे, क्रिकेट प्रशिक्षक मनोज टकवाल, एथलेटिक्स प्रशिक्षक आकाश दीप तथा शिक्षक रचित वल्दिया एवं चंद्र सिंह खोलिया उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं प्रशिक्षकों ने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलने के साथ-साथ युवाओं को स्वास्थ्य, अनुशासन, फिटनेस और खेल भावना से जुड़ने का संदेश भी दिया गया।
खेल से स्वास्थ्य, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की ओर एक कदम—यही गांधी जयंती पर आयोजित इस प्रतियोगिता का संदेश रहा।


