बनबसा। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर कुमाऊँनी महिला क्लब, टनकपुर की ओर से 2 अक्टूबर को बनबसा क्षेत्र में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों एवं स्थानीय लोगों को स्वास्थ्य जाँच, चिकित्सकीय परामर्श, आवश्यक दवाइयाँ तथा स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता उपलब्ध कराना रहा।
शिविर का शुभारंभ राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं रामधुन के साथ किया गया। इसके पश्चात शिविर में पहुंचे सभी लाभार्थियों की आवश्यक स्वास्थ्य जाँच की गई। चिकित्सकों द्वारा जाँच के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई गईं तथा उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर उचित चिकित्सकीय परामर्श दिया गया।
विशेष बात यह रही कि इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन कुमाऊँनी महिला क्लब की सदस्यों के अंशदान से किया गया। क्लब की सदस्यों ने स्वयं के सहयोग से इस जनहितकारी पहल को मूर्त रूप दिया, जिसके माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने का प्रयास किया गया।
शिविर में कुल 109 लाभार्थियों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इनमें 25 बुजुर्ग महिलाएँ, 15 बच्चे, 15 पुरुष, 50 गर्भवती महिलाएँ तथा 5 दिव्यांगजन शामिल रहे। शिविर में स्वास्थ्य जाँच के साथ-साथ स्वास्थ्य एवं स्वच्छता से संबंधित आवश्यक जागरूकता और परामर्श भी प्रदान किया गया।
चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए डॉ. प्रभा जोशी, सीनियर सर्जन, उपजिला चिकित्सालय टनकपुर तथा डॉ. निर्मला ओली, फार्मासिस्ट, चन्दनी का विशेष सहयोग रहा। क्लब की ओर से चिकित्सा सेवाएँ प्रदान करने के लिए दोनों चिकित्सकीय सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में सहयोग एवं मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए टनकपुर के एसडीएम प्रमोद कुमार, नगर पंचायत बनबसा की अध्यक्ष रेखा वाल्मीकि तथा ईओ बनबसा दीपक चंद्र बुधलाकोटी का भी कुमाऊँनी महिला क्लब की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्यजनों एवं क्षेत्रवासियों ने क्लब की इस पहल की सराहना की।
क्लब की संरक्षिका लीला तिवारी, सेवानिवृत्त संगीत अध्यापिका एवं गीता चन्द, सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापिका के मार्गदर्शन में शिविर की व्यवस्थाएँ सुचारू रूप से संचालित की गईं।
शिविर के आयोजन में क्लब की अध्यक्ष सुमन वर्मा, उपाध्यक्ष हेमा जोशी, सचिव पुष्पा मुरारी, उपसचिव दीप्ती चन्द, कोषाध्यक्ष पूनम गड़कोटी, उपकोषाध्यक्ष रेनू चन्द, मीडिया प्रभारी ऋचा भट्ट एवं सह मीडिया प्रभारी आशा पुजारी सहित क्लब की सदस्य बहनों रेखा बिष्ट, सरोज चन्द, ममता चन्द, रेखा चन्द, रेखा जोशी, अनीता नैथानी, नंदा धामी, गीता प्रजापति, सीमा तिवारी, राजेश्वरी सक्सेना एवं ज्योत्सना ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
क्लब की अध्यक्ष सुमन वर्मा ने कहा कि समाज के स्वास्थ्य एवं जनजागरूकता से जुड़े ऐसे प्रयासों को आगे भी निरंतर जारी रखने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने शिविर को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, सहयोगियों एवं कुमाऊँनी महिला क्लब की समस्त सदस्य बहनों का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
कुमाऊँनी महिला क्लब की इस पहल ने यह संदेश दिया कि सामूहिक सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएँ पहुँचाई जा सकती हैं।


