मूलाकोट। पाटी विकासखंड के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट को लेकर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जा रहे वीडियो को लेकर विद्यालय के प्रधानाचार्य रमेश सिंह ने कड़ा खंडन किया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो में विद्यालय की वर्तमान वास्तविक स्थिति को सही रूप में प्रस्तुत नहीं किया गया है और निष्प्रयोज्य एवं परित्यक्त भवनों तथा शौचालयों को विद्यालय की मौजूदा व्यवस्थाओं से जोड़कर भ्रम फैलाने का प्रयास किया गया है।
प्रधानाचार्य रमेश सिंह के अनुसार, विद्यालय समय के बाद कुछ व्यक्तियों द्वारा परिसर में पहुंचकर ऐसे भवनों और शौचालयों का वीडियो बनाया गया, जो वर्तमान में उपयोग में नहीं हैं। बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया पर विद्यालय की वर्तमान व्यवस्थाओं से जोड़कर प्रसारित किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यालय में छात्र-छात्राओं के लिए पर्याप्त शौचालय उपलब्ध हैं, जिनका नियमित रूप से उपयोग किया जा रहा है और उनकी साफ-सफाई का भी ध्यान रखा जाता है।
उन्होंने बताया कि विद्यालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी विद्यालय की वास्तविक व्यवस्थाओं से संबंधित गतिविधियों के प्रमाण मौजूद हैं। प्रधानाचार्य ने यह भी स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो में अभिभावक के रूप में बताए जा रहे संबंधित व्यक्ति विद्यालय में वर्तमान में अध्ययनरत किसी छात्र-छात्रा के अभिभावक नहीं हैं।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों और स्थानीय लोगों ने भी विद्यालय की वास्तविक स्थिति की पुष्टि की है। उनका कहना है कि सोशल मीडिया पर जिस तरह से विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर तस्वीर पेश की जा रही है, वह वास्तविक स्थिति से मेल नहीं खाती।
प्रधानाचार्य रमेश सिंह ने कहा कि किसी भी विद्यालय से संबंधित जानकारी को सार्वजनिक करने से पहले तथ्यों की पूरी तरह पुष्टि किया जाना जरूरी है। बिना वास्तविक स्थिति जाने अथवा निष्प्रयोज्य परिसरों की तस्वीरों को विद्यालय की वर्तमान व्यवस्थाओं से जोड़कर प्रसारित करने से विद्यालय के शैक्षिक वातावरण के साथ-साथ शिक्षक और कर्मचारियों के मनोबल पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट में विद्यार्थियों की सुविधाओं, स्वच्छता और शैक्षणिक वातावरण को लेकर विद्यालय प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया पर सामग्री प्रसारित करने वालों से तथ्यों की पुष्टि करने की अपील की है। साथ ही कहा कि भविष्य में पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज मूलाकोट, पाटी तथा शिक्षा विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली भ्रामक या असत्य सामग्री प्रसारित किए जाने पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


