टनकपुर। खेल निदेशालय उत्तराखण्ड के सौजन्य एवं जिला खेल कार्यालय चम्पावत के तत्वावधान में हॉकी के जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद जी के जन्मदिवस एवं राष्ट्रीय खेल दिवस के सुअवसर पर स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में अंडर-23 बालक वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ खिलाड़ी एवं पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष दीपक पचोली ने किया। इस दौरान खिलाड़ियों में राष्ट्रीय खेल दिवस को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता का पहला मुकाबला टनकपुर स्टेडियम ए और टनकपुर स्टेडियम बी के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में टनकपुर स्टेडियम ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टनकपुर स्टेडियम बी को 5-3 से पराजित कर जीत दर्ज की।
विजेता टनकपुर स्टेडियम ए की ओर से राजेंद्र रावत ने 2 गोल, सौम्या बिष्ट ने 1 गोल तथा दिव्यांशु राणा ने 2 गोल कर टीम की जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वहीं पराजित टीम की ओर से गुंजित भंडारी, शिवा धामी और अंश सिंह ने एक-एक गोल किया।
प्रतियोगिता में स्नेहा, अमोल और अभिषेक ने निर्णायक की भूमिका निभाई, जबकि सतीश जोशी मुख्य रेफरी रहे।
इसी क्रम में “खेलेगा भारत, जीतेगा भारत” अभियान के तहत खेलो इंडिया फुटबॉल साई सेंटर टनकपुर द्वारा स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में फुटबॉल प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। फुटबॉल प्रशिक्षक पवनेश पाटनी ने बताया कि मुकाबले के हाफ टाइम तक टनकपुर ऑरेंज टीम 4-0 से आगे रही। टनकपुर ऑरेंज की ओर से अर्जुन ने 2 गोल और शशांक ने 2 गोल कर शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर खेल विभाग से स्पोर्ट्स हॉस्टल बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर, फुटबॉल प्रशिक्षक पवनेश पाटनी, बॉक्सिंग प्रशिक्षक सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, मनीषा जोशी, मनमोहन डांगी, बास्केटबॉल प्रशिक्षक सुभाष पांडे तथा हीरा सहित अन्य खेल प्रेमी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला और खेलों के प्रति युवाओं को आगे बढ़ने का संदेश भी दिया गया।


