बनबसा/चंपावत। देश की आजादी की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर शनिवार को टनकपुर पावर स्टेशन, बनबसा में स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। एनएचपीसी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सीआईएसएफ जवानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सेनानियों को श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि टनकपुर पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य का एनएचपीसी अधिकारियों ने पौधा भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद एनएचपीसी मैदान में उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और उपस्थित लोगों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। ध्वजारोहण के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया।

अपने संबोधन में पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने कहा कि आज देश जिस स्वतंत्रता का अनुभव कर रहा है, वह असंख्य स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। राष्ट्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए सभी को अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना होगा।
उन्होंने कहा कि भारत तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था के रूप में विश्व में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और ऊर्जा क्षेत्र में एनएचपीसी की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने टनकपुर पावर स्टेशन द्वारा हाल के समय में हासिल की गई विद्युत उत्पादन की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

टनकपुर पावर स्टेशन ने हाल ही में विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। पावर स्टेशन प्रमुख ने बताया कि स्टेशन ने अपनी स्थापना के बाद एक दिन में सर्वाधिक विद्युत उत्पादन का रिकॉर्ड बनाया है। वहीं जुलाई माह में 74.11 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन कर लगभग तीन दशक पुराने मासिक उत्पादन रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय एनएचपीसी के अधिकारियों-कर्मचारियों की मेहनत, समर्पण और स्थानीय जनता के सहयोग को देते हुए सभी का आभार जताया।
ऋषि रंजन आर्य ने कहा कि एनएचपीसी केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि अपने सामाजिक दायित्वों का भी निरंतर निर्वहन कर रही है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पावर स्टेशन क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में अपनी भूमिका निभाता रहेगा। राष्ट्र निर्माण के साथ स्थानीय क्षेत्र के विकास में योगदान देना एनएचपीसी की प्राथमिकताओं में शामिल है।

समारोह में एनएचपीसी महाप्रबंधक मो. जावेद अंसारी, सीआईएसएफ सहायक कमांडेंट राजेश कुमार, केंद्रीय विद्यालय के प्रधानाचार्य राजेश वत्स, वरिष्ठ प्रबंधक रत्नाकर पांडे, एनएचपीसी कर्मचारी यूनियन अध्यक्ष किशन ज्याला, बनबसा थानाध्यक्ष सुरेंद्र कोरंगा, व्यापार मंडल महामंत्री अभिषेक गोयल, कोषाध्यक्ष कमल गुप्ता, नगर पंचायत अध्यक्ष रेखा देवी, जिला पंचायत सदस्य सरस्वती चंद, केवी शिक्षक आनंद मिश्रा सहित एनएचपीसी एवं सीआईएसएफ के अधिकारी-कर्मचारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।



