हल्द्वानी मंच के ‘शुद्धिकरण’ को लेकर नगर कांग्रेस मुखर, जातिगत भेदभाव के खिलाफ कार्रवाई की मांग
टनकपुर। हल्द्वानी में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे के मंच से संबोधन के बाद कुछ लोगों द्वारा मंच का कथित ‘शुद्धिकरण’ किए जाने के मामले को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी टनकपुर ने विरोध जताया है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष श्याम कुमार सक्सेना के नेतृत्व में राज्यपाल के नाम उपजिलाधिकारी पूर्णागिरि के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर घटना को सामाजिक समानता और संविधान की मूल भावना के विरुद्ध बताया गया।
ज्ञापन में नगर कांग्रेस ने कहा कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खरगे के मंच से भाषण देने के बाद जिन लोगों ने उस स्थान का ‘शुद्धिकरण’ किया, वह केवल खरगे का अपमान नहीं बल्कि संविधान की मूल भावना और सामाजिक समानता पर सीधा प्रहार है। कांग्रेस ने इसे जातिगत भेदभाव को बढ़ावा देने वाली मानसिकता बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई।
नगर कांग्रेस ने कहा कि खरगे का लंबा राजनीतिक संघर्ष, सार्वजनिक जीवन और संविधान के प्रति उनकी निष्ठा सभी के लिए प्रेरणादायी है। उनके साथ हुई इस कथित अपमानजनक घटना ने उनके सम्मान के साथ-साथ समानता और अधिकारों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
ज्ञापन में मांग की गई कि हल्द्वानी में मंच का ‘शुद्धिकरण’ करने वाले लोगों के खिलाफ लागू कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज कर दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट कहा कि जातिगत भेदभाव और छुआछूत के लिए देश में कोई स्थान नहीं होना चाहिए।
इस दौरान नगर कांग्रेस कमेटी टनकपुर के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर घटना का विरोध दर्ज कराया और सामाजिक समानता तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की मांग उठाई।


