टनकपुर (चम्पावत)। भगवान भोलेनाथ के पावन धाम बाबा बर्फानी अमरनाथ के दर्शन के लिए टनकपुर से श्रद्धालुओं का एक जत्था मंगलवार को श्रद्धा, उत्साह और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच रवाना हुआ। यात्रा दल का नेतृत्व दिनेश प्रजापति एवं सतीश सक्सेना कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में आयोजित यह अमरनाथ यात्रा का लगातार पाँचवाँ आयोजन है।
यात्रा संयोजक सतीश सक्सेना ने बताया कि इस बार दल में कुल 10 श्रद्धालु शामिल हैं। इनमें खटीमा निवासी दीपक सक्सेना भी विशेष रूप से बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए यात्रा में सम्मिलित हुए हैं। सभी श्रद्धालु टनकपुर से रवाना होकर रुद्रपुर पहुँचे, जहाँ से शाम 7:30 बजे गरीब रथ एक्सप्रेस के माध्यम से जम्मू के लिए प्रस्थान किया। बुधवार को जम्मू पहुँचने के बाद यात्री छोटे वाहनों से अमरनाथ यात्रा मार्ग की ओर रवाना होंगे और पवित्र हिमलिंग के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।

सतीश सक्सेना ने बताया कि यात्रा दल की वापसी 11 अगस्त को प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि यात्रा की जानकारी अपेक्षाकृत देर से मिलने के कारण कई श्रद्धालु इस बार शामिल नहीं हो सके। अनेक लोगों ने इच्छा जताई कि यदि पहले सूचना मिलती तो वे भी बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए यात्रा में शामिल होते।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से अगले वर्ष इससे भी बड़ा दल अमरनाथ यात्रा पर जाएगा, ताकि क्षेत्र के अधिक से अधिक श्रद्धालु इस पवित्र यात्रा का लाभ उठा सकें।
श्रद्धालुओं के प्रस्थान के दौरान “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। परिजनों एवं शुभचिंतकों ने सभी यात्रियों की सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
यात्रा दल में सतीश सक्सेना, दीपक प्रजापति, दीपक सक्सेना, गिरीश कुमार, मुकेश सक्सेना, पवन सक्सेना, कुलदीप प्रजापति, सुनील कश्यप, नरेंद्र गंगवार तथा दीपक शामिल हैं।