in , , , , , , , ,

वार्ड-09 की संकरी सड़क बनी जनता की बड़ी परेशानी, चौड़ीकरण की मांग को लेकर वार्डवासियों ने जिलाधिकारी के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

शिशु मंदिर स्कूल के पीछे संकरी सड़क बनी खतरे की वजह, वार्डवासियों ने चौड़ीकरण कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने की उठाई मांग

टनकपुर (चम्पावत)। नगर पालिका परिषद टनकपुर के वार्ड संख्या-09, नयागोठ के लोगों ने क्षेत्र की वर्षों पुरानी सड़क समस्या को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा। वार्डवासियों ने सड़क के संकरे हिस्से का शीघ्र चौड़ीकरण कराने की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान स्थिति आम लोगों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं के लिए भी गंभीर परेशानी का कारण बनी हुई है।

ज्ञापन में बताया गया कि वर्ष 2017 में नयागोठ क्षेत्र नगर पालिका परिषद टनकपुर की सीमा में शामिल हुआ था। इसके बाद पिछली पंचवर्षीय योजना के दौरान वार्ड की अधिकांश मुख्य सड़कों का चौड़ीकरण कर उन्हें लगभग 12 से 14 फीट तक विस्तारित किया गया। हालांकि शिशु मंदिर स्कूल के पीछे रोशन लाल और शेखर पाठक के बीच स्थित लगभग 4 से 5 फीट चौड़ा सड़क मार्ग आज भी संकरा बना हुआ है।

वार्डवासियों का कहना है कि इसी मार्ग से स्थानीय निवासी, स्कूली बच्चे तथा दोपहिया और चारपहिया वाहन गुजरते हैं। सड़क अत्यधिक संकरी होने के कारण आए दिन जाम जैसी स्थिति बन जाती है और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। सबसे अधिक परेशानी तब होती है जब एम्बुलेंस, गैस वाहन या अन्य बड़े वाहनों को वार्ड में प्रवेश करना पड़ता है। ऐसे वाहनों को लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ता है, जिससे समय की बर्बादी के साथ आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सड़क चौड़ीकरण के पूर्व चरण में अधिकांश स्थानीय लोगों ने जनहित को प्राथमिकता देते हुए अपनी भूमि उपलब्ध कराई थी, जिससे क्षेत्र की कई सड़कों का विस्तार संभव हो सका। अब वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि शेष बचे संकरे हिस्से का भी जल्द चौड़ीकरण कराया जाए, ताकि भविष्य में बढ़ती आबादी और यातायात के दबाव को देखते हुए लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

वार्डवासियों ने प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है। उनका कहना है कि सड़क का चौड़ीकरण होने से स्थानीय नागरिकों, स्कूली बच्चों तथा आपातकालीन सेवाओं को बड़ी राहत मिलेगी।

ज्ञापन पर सभासद बबीता वर्मा, सभासद प्रतिनिधि योगेश पाण्डेय सहित वार्ड के अनेक नागरिकों के हस्ताक्षर मौजूद रहे।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट का जन्मदिवस सेवा, संगठन और श्रद्धा के साथ मनाया, भाजपा टनकपुर मंडल की मासिक बैठक के बाद हुए धार्मिक कार्यक्रम

“हर-हर महादेव के जयघोष के बीच टनकपुर से बाबा बर्फानी अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का जत्था रवाना, 11 अगस्त को होगी वापसी”