टनकपुर। भारतीय जनता पार्टी टनकपुर मंडल द्वारा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के जन्मदिवस के अवसर पर मंगलवार को संगठनात्मक बैठक के साथ धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर के नेतृत्व में संपन्न हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत भाजपा कार्यालय में आयोजित मंडल की मासिक बैठक से हुई। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों एवं जनसंपर्क अभियानों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
बैठक के उपरांत प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट का जन्मदिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं तथा उनके स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल नेतृत्व की कामना की।
इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता मंदिर पहुंचे, जहाँ विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश अध्यक्ष के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं संगठन की निरंतर प्रगति के लिए विशेष प्रार्थना की गई। कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती और समाजहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
देर शाम शारदा घाट पर आयोजित भव्य माँ शारदा आरती में भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की। आरती के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। उपस्थित सभी लोगों ने माँ शारदा से प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण तथा प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की।
मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट के कुशल नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी लगातार मजबूत हो रही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जनसेवा एवं संगठन के विस्तार में जुटे हुए हैं। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष को जन्मदिवस की शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल, स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन की मंगलकामना की।
कार्यक्रम में भाजपा के अनेक पदाधिकारी, वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।