टनकपुर। भारत विकास परिषद, शाखा टनकपुर द्वारा पंचमुखी धर्मशाला में अध्यक्ष भुवन चंद जोशी की अध्यक्षता में शैक्षिक रक्तदान एवं एनीमिया जांच शिविर का भव्य आयोजन किया गया। समाज सेवा एवं जनस्वास्थ्य को समर्पित इस शिविर में लोगों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई तथा रक्तदान और स्वास्थ्य परीक्षण के माध्यम से सेवा का संदेश दिया।

शिविर में 30 स्वैच्छिक रक्तदाताओं ने पूरे उत्साह के साथ रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई, जबकि लगभग 150 लोगों ने एनीमिया की जांच करवाई। विशेष रूप से कस्तूरबा गांधी प्राइमरी स्कूल के बच्चों ने बड़ी संख्या में शिविर का लाभ उठाया।
शिविर में मेडिकल चेकअप एवं एनीमिया जांच डॉ. मनुश्र्वा आर्य द्वारा की गई। जांच के दौरान जिन बच्चों में एनीमिया अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी अनियमितताएं पाई गईं, उन्हें डॉ. आर्य ने आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उचित उपचार संबंधी निर्देश दिए।

रक्तदान शिविर के सफल संचालन में न्यू लाइफ लाइन चैरिटेबल ब्लड बैंक, खटीमा की प्रबंधक श्रीमती नीलम जियाला एवं डॉ. सुभाष यादव ने अपनी टीम के साथ महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। रक्तदान करने वाले सभी रक्तवीरों को परिषद की ओर से पौष्टिक आहार वितरित कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के संयोजक राजीव आर्य रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन परिषद के सचिव सत्य प्रकाश गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर परिषद के अध्यक्ष भुवन चंद जोशी, सचिव सत्य प्रकाश गुप्ता, कोषाध्यक्ष अतुल शारदा, महिला संयोजिका कल्पना अग्रवाल सहित संजय अग्रवाल, आलोक अग्रवाल, अंकुर टंडन, कैलाश गहतोड़ी, रवि प्रजापति, दीपक शारदा, संजय गर्ग, वैभव अग्रवाल, सीमा अग्रवाल, मोनिका अग्रवाल, रेनू अग्रवाल, कोमल टंडन, शिखा शारदा, अनीता शारदा, विम्मी आर्य, सदाशा अग्रवाल एवं सुधा शारदा सहित परिषद के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
शिविर में शहर के अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता कर भारत विकास परिषद की इस जनहितकारी पहल की सराहना की। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि रक्तदान महादान है तथा एनीमिया जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ऐसे शिविर समाज के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने परिषद के इस सेवा कार्य को प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन की आवश्यकता पर बल दिया।

