खटीमा: ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सेवा संकल्प समिति ने किया सैकड़ों पौधों का वितरण
खटीमा। पर्यावरण संरक्षण और हरित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से सेवा संकल्प समिति द्वारा सोमवार को खटीमा के देवरी गांव स्थित दरिया नाथ मंदिर परिसर में “एक पेड़ मां के नाम” एवं “एक व्यक्ति–एक पौधा” अभियान के अंतर्गत वृहद पौध वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय ग्रामीणों को सैकड़ों पौधों का निःशुल्क वितरण किया गया तथा सभी से पौधारोपण कर उनकी नियमित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया गया। वक्ताओं ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। यदि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान देवरी भागीरथ राणा, ग्राम प्रधान निशांत सिंह गांगी, जिला पंचायत सदस्य रीता कपालिया, मुख्यमंत्री कार्यालय प्रभारी विनोद कुमार, पूर्व जिला पंचायत सदस्य चंदू मुडेला सहित क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में सेवा संकल्प समिति ने सभी उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी सुरक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया। ग्रामीणों ने भी पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और पौधों की देखभाल करने का भरोसा दिलाया।


