वृक्षारोपण, पारंपरिक व्यंजन और लोक संस्कृति का संगम बना कुमाऊनी महिला क्लब का हरेला उत्सव।
सुखीढांग/श्यामलाताल। उत्तराखंड के लोकपर्व हरेला के पावन अवसर पर गुरुवार, 16 जुलाई 2026 को कुमाऊनी महिला क्लब की अध्यक्षा श्रीमती सुमन वर्मा की अध्यक्षता में सुखीढांग एवं श्यामलाताल में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति के संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में क्लब की संरक्षिका डॉ. प्रभा जोशी, गीता चंद, पार्वती खर्कवाल, सचिव पुष्पा मुरारी, कोषाध्यक्ष पूनम गड़कोटी, निर्मला ओली, ज्योत्सना खर्कवाल, कुसुम जोशी, अनीता नैथानी, राजेश्वरी सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
वृक्षारोपण के उपरांत महिलाओं ने उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति के अनुरूप अपने-अपने घरों से तैयार किए गए पारंपरिक व्यंजनों का सामूहिक आनंद लिया। इस दौरान आलू के गुटके, चटनी, पूरी, पुए, बड़े, मिठाई, पकोड़े और चाय सहित अनेक पारंपरिक पकवान आकर्षण का केंद्र रहे।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि क्लब की वरिष्ठ महिला सदस्यों ने सभी महिलाओं के सिर पर हरेला रखकर उनके सुख, समृद्धि और दीर्घायु की कामना करते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। इसके बाद भक्ति एवं लोक संस्कृति की भावना को प्रबल करते हुए कीर्तन-भजन का भी आयोजन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय और सांस्कृतिक रंग में रंग गया।
क्लब की ओर से बताया गया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की लोक परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करना है। “हमारी धरोहर, हमारा संकल्प” थीम के साथ आयोजित यह कार्यक्रम प्रकृति संरक्षण और सांस्कृतिक मूल्यों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रेरणादायी प्रयास साबित हुआ।


