in , , , , , , , ,

शारदा नदी में डूब रहे एक ही परिवार के तीन लोगों के लिए देवदूत बनी टनकपुर जल पुलिस, रविंद्र सिंह (पहलवान) और टीम ने बहादुरी दिखाकर बचाई तीनों की जान

मां पूर्णागिरि दर्शन के बाद शारदा स्नान घाट पर बड़ा हादसा टला, जल पुलिस की त्वरित कार्रवाई से डूब रहे श्रद्धालु परिवार के तीन सदस्य सुरक्षित बचाए गए

पूर्णागिरि से लौट रहे श्रद्धालुओं की जान बचाकर जल पुलिस ने पेश की मानवता की मिसाल

टनकपुर, 15 जुलाई 2026।

मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं के साथ बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे शारदा स्नान घाट पर बड़ा हादसा होने से उस समय टल गया, जब जल पुलिस की तत्परता ने तीन लोगों की जान बचा ली।

जानकारी के अनुसार ललिता (22 वर्ष), पुत्री तेजराम, निवासी ग्राम डांडा ककनई, जनपद चंपावत दर्शन के उपरांत शारदा स्नान घाट पर स्नान कर रही थीं। इसी दौरान वह गहरे पानी की चपेट में आकर डूबने लगीं। बेटी को डूबता देख उसके माता-पिता उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वे भी तेज बहाव और गहरे पानी में फंस गए। देखते ही देखते तीनों की जान पर बन आई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

श्रद्धालुओं की चीख-पुकार सुनते ही टनकपुर जल पुलिस के गोताखोर रविंद्र सिंह (पहलवान) और राकेश गिरी बिना समय गंवाए शारदा नदी में कूद पड़े। दोनों जवानों ने साहस, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए कड़ी मशक्कत के बाद तीनों श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू अभियान से एक बड़ा हादसा टल गया।

घटना के बाद मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने जल पुलिस टीम की बहादुरी और तत्परता की जमकर सराहना की।

उल्लेखनीय है कि टनकपुर जल पुलिस के रविंद्र सिंह (पहलवान) और उनकी टीम लगातार मानवता की मिसाल पेश करते हुए श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुरक्षा के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। चाहे नदी में डूबते लोगों को बचाना हो या आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचानी हो, जल पुलिस की टीम हमेशा मुस्तैदी के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा रही है। उनके साहस, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा की हर ओर प्रशंसा हो रही है।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बजरंग दल के सेवा सप्ताह में बनबसा से टनकपुर तक चला हरित अभियान, पार्कों, विद्यालयों और मंदिर परिसरों में हुआ व्यापक वृक्षारोपण

हरेला पर्व पर कुमाऊनी महिला क्लब का पर्यावरण और संस्कृति संरक्षण का अनूठा संगम