जिला अधिकारी मनीष कुमार की तत्परता से टनकपुर स्टेडियम को मिली बड़ी राहत, खबर का असर: टनकपुर स्टेडियम में खिलाड़ियों के हित में बड़ा फैसला, बॉक्सिंग कोच का तबादला फिलहाल रोका गया।
टनकपुर। प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न विभागों में सुगम से दुर्गम एवं दुर्गम से सुगम श्रेणी के अंतर्गत किए गए हालिया स्थानांतरणों के क्रम में खेल विभाग के अधिकारियों एवं प्रशिक्षकों के भी तबादले किए गए थे। इसी कड़ी में स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में तैनात बॉक्सिंग प्रशिक्षक एवं छात्रावास वार्डन श्री ललित मोहन कुंवर तथा उप जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं एथलेटिक्स कोच श्री मुकेश शर्मा का भी स्थानांतरण कर दिया गया था।
इन दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण के आदेश जारी होने के बाद स्टेडियम की खेल एवं छात्रावास व्यवस्था प्रभावित होने लगी। खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण, अनुशासनात्मक निगरानी और तकनीकी मार्गदर्शन को लेकर चिंता सताने लगी। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और स्टेडियम स्टाफ ने आशंका जताई कि यदि दोनों अधिकारियों को कार्यमुक्त कर दिया गया तो खिलाड़ियों की तैयारियों पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए स्टेडियम के कोचों और कर्मचारियों ने अपनी बात मीडिया तक पहुंचाई। मीडिया ने खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़े इस महत्वपूर्ण मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार के संज्ञान में पहुंचाया।
खबर सामने आने के बाद जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और जिला क्रीड़ा अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा प्रशिक्षण व्यवस्था हर हाल में सुचारु बनी रहनी चाहिए। इसके बाद संबंधित स्थानांतरण आदेशों पर पुनर्विचार की प्रक्रिया शुरू की गई।
जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री चंदन बिष्ट ने बताया कि टनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम एवं छात्रावास के खिलाड़ियों ने राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। ऐसे में खिलाड़ियों के हितों और उनकी निरंतर तैयारी को ध्यान में रखते हुए उच्चाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि फिलहाल बॉक्सिंग प्रशिक्षक एवं वार्डन श्री ललित मोहन कुंवर को टनकपुर से कार्यमुक्त नहीं किया जाएगा और इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
जिलाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद स्टेडियम के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों में खुशी का माहौल है। खिलाड़ियों ने कहा कि समय रहते लिया गया यह निर्णय उनकी खेल तैयारियों और भविष्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिलाधिकारी श्री मनीष कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री चंदन बिष्ट तथा मीडिया का आभार व्यक्त किया।
स्टेडियम से जुड़े संग्राम सिंह ने कहा कि यदि उप जिला क्रीड़ा अधिकारी एवं एथलेटिक्स कोच के पद पर भी शीघ्र स्थायी व्यवस्था कर दी जाए तो खिलाड़ियों को और बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा तथा स्टेडियम की खेल गतिविधियां और अधिक मजबूत होंगी।
स्थानीय खेल प्रेमियों का कहना है कि यह स्पष्ट रूप से “खबर का असर” है। उनका मानना है कि मीडिया द्वारा मुद्दे को प्रमुखता से उठाए जाने और जिलाधिकारी के त्वरित एवं संवेदनशील हस्तक्षेप से खिलाड़ियों के हित सुरक्षित हुए हैं। खेल प्रेमियों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी खिलाड़ियों के भविष्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए ऐसे ही सकारात्मक निर्णय लिए जाते रहेंगे।
टनकपुर स्टेडियम के खिलाड़ियों के हित में लिया गया यह फैसला न केवल प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूती देगा, बल्कि जिले में खेल प्रतिभाओं के मनोबल को भी नई ऊर्जा प्रदान करेगा।


