टनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में खिलाड़ियों के सामने नई चुनौती, बॉक्सिंग कोच और वार्डन के स्थानांतरण से बढ़ी चिंता; प्रदेशभर से आए खिलाड़ियों के हित में मुख्यमंत्री से की गई मांग
टनकपुर। स्वर्गीय कैलाश गहतोड़ी स्पोर्ट्स स्टेडियम, टनकपुर में बॉक्सिंग छात्रावास के बॉक्सिंग कोच ललित कुंवर तथा एथलेटिक्स कोच एवं छात्रावास वार्डन मुकेश शर्मा के स्थानांतरण के बाद छात्रावास में रहकर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे खिलाड़ियों और उनके अभिभावकों में चिंता का माहौल है।

स्टेडियम के छात्रावास में अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल, हल्द्वानी सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों से आए छात्र अपनी पढ़ाई के साथ-साथ बॉक्सिंग एवं अन्य खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त करते हैं। खिलाड़ियों और अभिभावकों का कहना है कि वर्तमान में छात्रावास में न तो नियमित बॉक्सिंग कोच उपलब्ध हैं और न ही वार्डन की व्यवस्था है, जिससे खिलाड़ियों के प्रशिक्षण के साथ-साथ छात्रावास की व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सदस्य नवीन चौहान एवं जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम सिंह का कहना है कि दूर-दराज़ क्षेत्रों से आए खिलाड़ी अपने बेहतर भविष्य और उच्च स्तरीय प्रशिक्षण की उम्मीद लेकर टनकपुर पहुंचे हैं। ऐसे में अनुभवी कोच और वार्डन का स्थानांतरण खिलाड़ियों के हित में नहीं माना जा सकता। उन्होंने कहा कि वार्डन की जिम्मेदारी केवल छात्रावास का संचालन करना ही नहीं, बल्कि बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का ध्यान रखना भी होता है। पूर्व में रात के समय बच्चों के अस्वस्थ होने जैसी घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
बॉक्सिंग कोच ललित कुंवर के मार्गदर्शन में यहां के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। वर्तमान में ललित कुंवर भारतीय बॉक्सिंग टीम के साथ एक महत्वपूर्ण दौरे पर इंडोनेशिया में हैं। खिलाड़ियों का कहना है कि उनके स्थानांतरण से आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
वहीं एथलेटिक्स कोच एवं छात्रावास वार्डन मुकेश शर्मा के कार्यों की भी स्थानीय लोगों ने सराहना की। उनका कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में उनके मार्गदर्शन में टनकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम के खिलाड़ियों ने कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
छात्रावास में रह रहे खिलाड़ियों का कहना है कि फिलहाल वे पहले से मिले प्रशिक्षण के आधार पर स्वयं अभ्यास कर रहे हैं, लेकिन उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए नियमित कोच का मार्गदर्शन बेहद आवश्यक है।
खिलाड़ियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बॉक्सिंग कोच ललित कुंवर एवं एथलेटिक्स कोच एवं छात्रावास वार्डन मुकेश शर्मा के स्थानांतरण पर पुनर्विचार किए जाने की मांग की गई है। इस मांग का समर्थन जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सदस्य नवीन चौहान, जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम सिंह, वरिष्ठ खिलाड़ी प्रकाश सिंह तथा वरिष्ठ खिलाड़ी दीपक प्रसाद ने किया है। सभी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आग्रह किया है कि खिलाड़ियों के भविष्य और खेल हितों को सर्वोपरि रखते हुए इस विषय का संज्ञान लिया जाए तथा उचित निर्णय लिया जाए।


