शारदा नदी में डूब रहे श्रद्धालु को जल पुलिस ने बचाया, रविंद्र सिंह पहलवान ने फिर दिखाई बहादुरी
टनकपुर, 6 जुलाई 2026। विश्व प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि धाम के दर्शन के लिए आए एक श्रद्धालु की जान जल पुलिस टीम की सतर्कता और तत्परता से बच गई।
जानकारी के अनुसार, समीर श्रीवास्तव पुत्र शंकर श्रीवास्तव, उम्र 24 वर्ष, निवासी विराट मोहल्ला, दिल्ली, मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद शारदा स्नान घाट पर स्नान कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने शारदा नदी को पार करने का प्रयास किया। नदी के बीच धारा में पहुंचते ही वह डूबने लगे। श्रद्धालुओं के शोर मचाने पर मौके पर तैनात जल पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
जल पुलिस के रविंद्र सिंह पहलवान, राकेश गिरी तथा पीआरडी जवान सूरज शर्मा ने कड़ी मशक्कत के बाद समीर श्रीवास्तव को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। समय रहते किए गए इस साहसिक रेस्क्यू के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
हर वर्ष टनकपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले में देशभर से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु शारदा नदी में स्नान भी करते हैं, जिसके दौरान कई बार हादसे की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस वर्ष भी जल पुलिस टीम अब तक शारदा नदी में डूब रहे 150 से अधिक श्रद्धालुओं की जान बचा चुकी है।
विशेष रूप से जल पुलिस के रविंद्र सिंह पहलवान अपने लगभग 15 वर्षों के सेवा काल में 1,000 से अधिक लोगों की जान बचाने का सराहनीय कार्य कर चुके हैं। उनके साहस, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए हाल ही में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी द्वारा उन्हें सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें यह भी आश्वासन दिया गया कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा भी शीघ्र ही एक बड़े मंच से उनके उत्कृष्ट एवं साहसिक कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।



