शारदा तटबंध परियोजना से सीमांत क्षेत्र को मिलेगी नई मजबूती, कार्यक्रम में टनकपुर पावर स्टेशन की रही अहम भागीदारी
टनकपुर। सीमांत क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टनकपुर–पूर्णागिरि मार्ग के बूम क्षेत्र में लगभग 60 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली शारदा तटबंध परियोजना का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में टनकपुर पावर स्टेशन के अधिकारियों ने भी सक्रिय रूप से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। पावर स्टेशन के प्रमुख महाप्रबंधक रंजन आर्य के नेतृत्व में अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए और मुख्यमंत्री का पौधा भेंट कर स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान पावर स्टेशन की ओर से क्षेत्र में कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों और भविष्य में प्रस्तावित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई। अधिकारियों ने बताया कि शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय विकास से जुड़े विभिन्न प्रयास लगातार किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने क्षेत्र के विकास में टनकपुर पावर स्टेशन की सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं के साथ सार्वजनिक उपक्रमों का सहयोग विकास कार्यों को नई गति प्रदान करता है। उन्होंने भविष्य में भी जनहित से जुड़े कार्यों में इसी प्रकार सहयोग बनाए रखने की अपेक्षा जताई।
शारदा तटबंध परियोजना के पूरा होने के बाद क्षेत्र में बाढ़ से सुरक्षा, नदी तटों का संरक्षण और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। वहीं कार्यक्रम में टनकपुर पावर स्टेशन की भागीदारी ने सामाजिक दायित्व और क्षेत्रीय विकास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।


