टनकपुर।
नगर पालिका परिषद टनकपुर में शुक्रवार को उत्तराखंड सरकार की माननीय राज्य उपाध्यक्ष (नगरीय पर्यावरण पर्यवेक्षण एवं शहरी विकास) श्रीमती हेमा जोशी के आगमन पर भव्य एवं गरिमामय स्वागत किया गया। पालिकाध्यक्ष श्री विपिन कुमार तथा समस्त सभासदों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया और नगर के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

बैठक के दौरान माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती हेमा जोशी ने नगर के विकास, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा टनकपुर को एक स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक नगर के रूप में विकसित करने की है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने आगामी 5 जुलाई 2026 को प्रस्तावित कैलाश मानसरोवर यात्रा की तैयारियों की भी विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता, यातायात एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि यात्रा का सफल और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में उत्तराखंड सरकार के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर माननीय उपाध्यक्ष ने नगर पालिका के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके योगदान की सराहना की। इस दौरान सभासदों ने नगर की विभिन्न विकास योजनाओं, जनहित से जुड़े मुद्दों और स्थानीय प्राथमिकताओं से उन्हें अवगत कराया। मुख्यमंत्री की घोषणाओं के अंतर्गत प्रस्तावित विकास कार्यों की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में वरिष्ठ सभासद श्री दिनेश कुमार, सभापति श्री शैलेन्द्र सिंह, कुo सब्या बाल्मीकि, श्रीमती वर्षा शर्मा सहित सभी सभासद, पालिका अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक ने स्पष्ट संदेश दिया कि उत्तराखंड सरकार नगरों के समग्र विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। माननीय उपाध्यक्ष श्रीमती हेमा जोशी के मार्गदर्शन तथा नगर पालिका प्रशासन के समन्वित प्रयासों से टनकपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। नगरवासियों को विश्वास है कि इन प्रयासों से टनकपुर का सर्वांगीण विकास और अधिक गति पकड़ेगा तथा शहर स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक नगर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।



