चम्पावत। भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया ने आज आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस द्वारा भाजपा और राज्य सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों का तथ्यात्मक जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष के पास जनहित के मुद्दों का अभाव है, इसलिए वह केवल निराधार आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है।
उन्होंने कहा कि 4 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के सफल पांच वर्ष पूरे होने जा रहे हैं, जो उत्तराखंड के विकास, सुशासन और जनकल्याण के लिए एक स्वर्णिम अध्याय साबित हुए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने राज्य को विकास की नई गति देने के साथ-साथ उत्तराखंड की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को भी नई पहचान दिलाई है।
मुकेश कलखुड़िया ने बताया कि मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों के संरक्षण, सौंदर्यीकरण एवं विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए हैं। धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अनेक योजनाओं को धरातल पर उतारा गया है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और आर्थिक मजबूती भी मिली है।
उन्होंने कहा कि चम्पावत और टनकपुर क्षेत्र में भी अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य किए गए हैं। इनमें टनकपुर आईएसबीटी, सर्किट हाउस, मीडिया सेंटर तथा शारदा कॉरिडोर (गंगा नवमी परियोजना) जैसे महत्वाकांक्षी कार्य शामिल हैं। इसके अलावा सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में भी अभूतपूर्व विकास हुआ है, जिसका लाभ प्रदेश की जनता को लगातार मिल रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास, सुशासन और जनसेवा के नए आयाम स्थापित करता रहेगा तथा प्रदेश देश के अग्रणी राज्यों में अपनी मजबूत पहचान बनाएगा।
प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुड़िया के साथ हरीश भट्ट, शशांक गोयल, मोहित कनवाल सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे। मीडिया की ओर से बाबूलाल यादव एवं शुभम गौड़ मौजूद रहे।



