चंपावत में प्रतिभाशाली बच्चों के लिए सुनहरा अवसर सामने आया है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2026 के लिए नामांकन प्रक्रिया 1 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है, जबकि आवेदन और नामांकन भेजने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के क्रम में इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए योग्य बच्चों के नामांकन आमंत्रित किए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जनपद के ऐसे प्रतिभावान बच्चों की पहचान की जाए, जिन्होंने शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, विज्ञान, नवाचार, सामाजिक सेवा या अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं, ताकि उनका नामांकन समय पर भेजा जा सके।
जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को पूरी प्रक्रिया में व्यक्तिगत रुचि लेने के निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र और प्रतिभाशाली बच्चा इस अवसर से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी नामांकनों का प्रस्ताव और संस्तुति निर्धारित समय-सीमा के भीतर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें समय रहते शासन और राज्यपाल सचिवालय के माध्यम से आगे भेजा जा सके।
यह पहल न केवल चंपावत के होनहार बच्चों को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर प्रदान करेगी, बल्कि जिले की प्रतिभाओं को नई पहचान और सम्मान भी दिलाएगी। प्रशासन की सक्रियता से उम्मीद है कि इस वर्ष अधिक से अधिक योग्य बच्चे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए चयन प्रक्रिया में शामिल होकर जनपद और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।



