अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर ड्रग्स मुक्ति जागरूकता अभियान के अंतर्गत बाह्य न्यायालय परिसर से नगर के मुख्य बाजार एवं रोडवेज बस स्टैंड तक एक भव्य विधिक जागरूकता शिविर एवं जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सिविल जज (जूनियर डिवीजन) माननीय रुचिका नरूला जी ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत विधिक जागरूकता एवं साक्षरता शिविर से हुई, जिसमें माननीय सिविल जज रुचिका नरूला जी ने उपस्थित जनसमूह को नालसा (नशीली दवाओं के दुरुपयोग से पीड़ितों के लिए कानूनी सेवाएं एवं नशीली दवाओं के खतरे का उन्मूलन योजना-2015) की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। इसे जड़ से समाप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक को जागरूक होकर नशे के विरुद्ध आवाज उठानी होगी और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों से अवगत कराना होगा।

इसके उपरांत बाह्य न्यायालय परिसर से नगर के मुख्य मार्गों तक विशाल जनजागरूकता रैली निकाली गई। रैली में शामिल पैरा लीगल वालंटियर्स (PLV) ने हाथों में तख्तियां लेकर और पंपलेट वितरित करते हुए आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक किया। रैली के दौरान “नशे की लत एक बीमारी है – इससे दूर रहना समझदारी है”, “नशा छोड़ो, जीवन से नाता जोड़ो” तथा “जन-जन का यही संदेश, नशा मुक्त हो अपना देश” जैसे प्रेरणादायक नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा।

इस अभियान में पीएलवी अधिकार मित्र अर्जुन सिंह, बिजेंद्र अग्रवाल, शमशाद बानो, अमित कुमार, सोनी सिंह, दीपा देवी, किरण जोशी, रीता कनोजिया, प्रियंका पंचोली, नव नियुक्त पीएलवी सुनील कुमार, कुंवर सिंह भंडारी, अनिल कुमार, सुनीता टम्टा, सुरेश उप्रेती, अंजू बोहरा, प्रियंका, प्रमोद कुमार, विजयानंद जोशी, जगत सिंह विष्ट, प्रो बोनो पीएलवी इजहार अली, अर्चना लोहनी, सोनी जहां, हरीश चंद्र गौड़, ममता भंडारी, राधा चंद, नीरू विष्ट, एलिश, स्वाती, प्रीति सहित अनेक स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
यह अभियान समाज को नशामुक्त बनाने की दिशा में एक अत्यंत प्रेरणादायक एवं सराहनीय पहल साबित हुआ। माननीय सिविल जज रुचिका नरूला जी के कुशल नेतृत्व तथा पैरा लीगल वालंटियर्स की सक्रिय भागीदारी ने यह संदेश दिया कि जनजागरूकता ही नशे जैसी सामाजिक बुराई को समाप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उपस्थित नागरिकों ने इस अभियान की मुक्त कंठ से प्रशंसा करते हुए इसे समाजहित में अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक पहल बताया।


