in , , , , , , , , ,

टनकपुर में युवाओं से रूबरू हुए मुख्यमंत्री धामी, बोले- युवा शक्ति ही विकसित भारत और सशक्त उत्तराखंड की सबसे बड़ी पूंजी

टनकपुर में सीएम धामी का युवा संवाद, बोले- युवा शक्ति से बनेगा विकसित भारत

टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय चंपावत दौरे के दौरान टनकपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से सीधा संवाद करते हुए कहा कि देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की नींव युवा शक्ति है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है और इस परिवर्तन में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि चंपावत जिले में साइंस सेंटर, महिला स्पोर्ट्स कॉलेज समेत कई विकास परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में युवाओं को शिक्षा, खेल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।

 

सीमांत क्षेत्रों से पलायन की समस्या और रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए पुस्तकालय, ज्ञान संसाधन केंद्र, ओपन जिम, बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट जैसी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। साथ ही पर्यटन और साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा देकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।

नशा मुक्ति और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री ने युवाओं से ‘ड्रग फ्री देवभूमि मिशन’ का सक्रिय भागीदार बनने की अपील की। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और उद्योगपति ई. श्रीधरन जैसे व्यक्तित्वों का उदाहरण देते हुए युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।

महिला सशक्तिकरण पर मुख्यमंत्री ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 2.75 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की सख्त कार्रवाई के चलते 100 से अधिक नकल माफियाओं को जेल भेजा जा चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से आयोजित की जा रही हैं तथा चयन का आधार केवल योग्यता और प्रतिभा है।

 

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई प्रतिभाशाली युवाओं और उनके अभिभावकों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा और नई सोच का संचार करते हैं।

उन्होंने कहा, “भारत दुनिया का सबसे युवा देश है और युवाओं की ऊर्जा ही विकसित भारत, आत्मनिर्भर भारत और सशक्त उत्तराखंड के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। राज्य सरकार शिक्षा, रोजगार, खेल, नवाचार और स्वरोजगार के क्षेत्र में युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।”

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, भाजपा प्रदेश महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, शिवम फाउंडेशन के अध्यक्ष शशांक गोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

माँ पूर्णागिरि के आशीर्वाद और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सफल रहा मेला 2026, श्रद्धालुओं को मिली बेहतर सुविधाएं

“मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर NEET-2026 के लिए उत्तराखण्ड में चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था, राज्य स्तरीय NTA कंट्रोल रूम से 24 घंटे रखी जा रही हर गतिविधि पर नजर”