मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में सफल रहा पूर्णागिरि मेला 2026, 25 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
चम्पावत, 15 जून। टनकपुर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ माँ पूर्णागिरि धाम में आयोजित वर्ष 2026 के पूर्णागिरि मेले का सोमवार को विधिवत एवं औपचारिक समापन हो गया। मेले का शुभारंभ 27 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया था। लगभग चार माह तक चले इस मेले में 25 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने माँ पूर्णागिरि के दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त किया।

समापन समारोह में जिलाधिकारी मनीष कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और माँ पूर्णागिरि के आशीर्वाद से इस वर्ष मेला सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि पूरे वर्ष में माँ पूर्णागिरि धाम आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 50 लाख से अधिक रही है।
जिलाधिकारी ने मेले के सफल संचालन में योगदान देने वाले सभी विभागों, पुलिस, एसएसबी तथा पूर्णागिरि मंदिर समिति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रही। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में और अधिक सुदृढ़ किया गया।
उन्होंने बताया कि पूर्णागिरि क्षेत्र के विकास के लिए बाटनागाड़ और किरोड़ा में आधारभूत संरचनाओं का निर्माण, मार्गों का सुधारीकरण, चूका में हेलीपैड, पूर्णागिरि रोपवे परियोजना तथा मंदिर सौंदर्यीकरण सहित कई महत्वपूर्ण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इन परियोजनाओं से श्रद्धालुओं के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी व्यापक लाभ मिलेगा।

समारोह के दौरान मेले के सफल संचालन में विशेष योगदान देने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिस एवं सुरक्षा बलों, पूर्णागिरि मंदिर समिति के पदाधिकारियों, जिला पंचायत कर्मियों तथा पत्रकारों को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष पुष्पा विश्वकर्मा ने औपचारिक रूप से मेले के समापन की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार व्यक्त किया तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने मेला संचालन में जिला प्रशासन, पुलिस और सभी संबंधित विभागों की भूमिका की सराहना की।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य सरोज चंद, मंदिर समिति अध्यक्ष किशन तिवारी, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख एवं पूर्व मंदिर समिति अध्यक्ष भुवन चंद पाण्डेय, उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, पुलिस उपाधीक्षक निहारिका सेमवाल, मेला अधिकारी अनिल जोशी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी विजय उप्रेती, टैक्सी यूनियन अध्यक्ष मदन कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


