in , , , , , , , ,

टनकपुर की बेटी अंजली चंद ने रचा सफलता का नया इतिहास, उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में सहायक नगर आयुक्त पद पर हुआ चयन

अल्मोड़ा में उपखंड शिक्षा अधिकारी से सहायक नगर आयुक्त तक पहुंचीं अंजली चंद, उत्तराखंड पीसीएस में सफलता से बढ़ाया टनकपुर का मान

टनकपुर। ककरालीगेट, टनकपुर की बेटी अंजली चंद ने उत्तराखंड पीसीएस परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए सहायक नगर आयुक्त (Assistant Municipal Commissioner) पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अंजली के आवास पर शुभचिंतकों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों का उन्हें बधाई देने के लिए लगातार तांता लगा हुआ है।

वर्तमान में अंजली चंद अल्मोड़ा जिले के लमगड़ा में उपखंड शिक्षा अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सेंट फ्रांसिस स्कूल, टनकपुर से प्राप्त की। इसके बाद इंटरमीडिएट की शिक्षा नोजगे पब्लिक स्कूल, खटीमा से पूरी की तथा एमिटी यूनिवर्सिटी, नोएडा से एम.एससी. एप्लाइड मैथ्स की डिग्री हासिल की।

अंजली के पिता प्रकाश चंद सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यवसायी हैं, जबकि उनकी माता दीपा चंद गृहिणी हैं। उनके चाचा धर्मेंद्र चंद स्वतंत्र पत्रकार, अधिवक्ता एवं एमडीएम स्कूल के प्रबंधक हैं। वहीं दूसरे चाचा बसंत राज चंद नगर पालिका में वरिष्ठ लिपिक के पद पर कार्यरत हैं।

अपनी सफलता पर अंजली चंद ने इसका श्रेय परिवार के सहयोग, सकारात्मक सोच, कड़ी मेहनत और निरंतर प्रयास को दिया। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद लक्ष्य के प्रति समर्पण और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर सफलता प्राप्त की जा सकती है।

प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों को मूल विषयों पर मजबूत पकड़ बनानी चाहिए, नियमित रूप से रिवीजन करना चाहिए तथा समसामयिक घटनाओं से लगातार अपडेट रहना चाहिए।

अंजली चंद की इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों, शिक्षाविदों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिली है और पूरे इलाके में गर्व का माहौल बना हुआ है।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्वर्गीय श्री कैलाश गहतोड़ी स्टेडियम में इंटरम्यूरल कोचेज़ प्रीमियर लीग का भव्य शुभारंभ, पहले मुकाबले में ब्लू कोचेज़ ने 68 रन से दर्ज की शानदार जीत

सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री साझा करना पड़ा भारी, साइबर टिपलाइन की सूचना पर टनकपुर निवासी के खिलाफ पॉक्सो और आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज