टनकपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा द्वारा आज टनकपुर भाजपा कार्यालय में एक प्रभावशाली एवं गरिमामयी प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें महिला शक्ति ने एकजुट होकर विपक्ष की कथित भ्रामक राजनीति के खिलाफ जोरदार आवाज बुलंद की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहीं। प्रेस वार्ता के दौरान सभी सम्मानित मीडिया कर्मियों का अभिनंदन करते हुए महिलाओं ने जन-जन तक सत्य पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रुची भट्ट जी के कुशल नेतृत्व एवं महिला सशक्तिकरण की भावना की सराहना करते हुए वक्ताओं ने कहा कि भाजपा महिला मोर्चा आज प्रदेश में महिलाओं की सबसे मजबूत आवाज बनकर उभरा है। राज्य मंत्री हेमा जोशी जी, प्रदेश महामंत्री रश्मि स्तोगी जी, प्रदेश कार्यालय प्रभारी बबली चौहान जी, प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक सुनीता मुरारी जी तथा कुमाऊं सह संयोजक विनीता फर्त्याल जी के संगठनात्मक मार्गदर्शन को महिलाओं ने प्रेरणादायी बताया।

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष दीपा जोशी जी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि हाल ही में नाबालिग से कथित गैंगरेप की झूठी खबर फैलाकर कांग्रेस पार्टी द्वारा भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा मंडल के उपाध्यक्ष का नाम जबरन उछालकर राजनीतिक षड्यंत्र रचा गया, लेकिन मेडिकल जांच, सीसीटीवी फुटेज, वीडियो साक्ष्य तथा मोबाइल लोकेशन ने पूरे मामले की सच्चाई सामने ला दी।
जिला महामंत्री सरोज चंद जी ने कहा कि यह पूरा घटनाक्रम पूर्व नियोजित साजिश का हिस्सा था, जिसमें एक मासूम बच्ची और उसके परिवार की मजबूरी का राजनीतिक लाभ उठाने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि बाद में स्वयं नाबालिग, उसके भाई एवं पिता द्वारा सच्चाई सामने लाना यह साबित करता है कि विपक्ष सत्ता की लालसा में किस हद तक गिर सकता है।
जिला उपाध्यक्ष अनिता यादव जी एवं रुचि धस्माना जी ने संयुक्त रूप से कहा कि महिलाओं और बेटियों के सम्मान के मुद्दे पर राजनीति करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। भाजपा महिला मोर्चा ऐसी ओछी राजनीति की कड़ी निंदा करता है। मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर जी एवं महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष बबिता गोस्वामी जी ने कहा कि विपक्ष यदि राजनीति करना चाहता है तो विकास, जनहित और सकारात्मक मुद्दों पर करे, न कि समाज में भ्रम और भय फैलाकर।
महिला पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि प्रदेश की महिलाएं माननीय मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सुरक्षित और सम्मानित महसूस कर रही हैं तथा आने वाले 2027 विधानसभा चुनाव में महिलाएं पूरी मजबूती के साथ भाजपा के साथ खड़ी रहेंगी।
प्रेस वार्ता के दौरान महिला मोर्चा की सभी जिला एवं मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि भाजपा महिला मोर्चा न केवल महिलाओं के सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि विपक्ष की भ्रामक और नकारात्मक राजनीति का भी मजबूती से जवाब देना जानता है।


