शारदा चुंगी वार्ड नंबर 1 स्थित शनि देव मंदिर परिसर में आज एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जब युवा समाजसेवक गौरव जोशी ने अपने जन्मदिन के अवसर को सेवा और संवेदनशीलता के साथ मनाने का निर्णय लिया। भीषण गर्मी के बीच उन्होंने राहगीरों के लिए शरबत वितरण का आयोजन कर लोगों को राहत पहुंचाई।

तेज धूप और बढ़ते तापमान से परेशान लोगों के लिए यह पहल किसी राहत से कम नहीं रही। मंदिर के पास से गुजरने वाले राहगीरों ने ठंडा शरबत पीकर न केवल गर्मी से राहत महसूस की, बल्कि गौरव जोशी के इस मानवीय प्रयास की जमकर सराहना भी की।
इस मौके पर उनके साथ पंकज जोशी, शुभम कापड़ी, तुषार बिष्ट, भरत सक्सेना, सूर्यांश बोरा, पवन तिवारी सहित कई अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे, जिन्होंने इस सेवा कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

गौरव जोशी का यह कदम समाज के लिए एक प्रेरणा है। आज के दौर में जहां लोग अपने जन्मदिन पर फिजूलखर्ची करने में लगे रहते हैं, वहीं इस तरह के कार्य यह संदेश देते हैं कि यदि चाहें तो अपने खास दिन को समाज सेवा के माध्यम से भी यादगार बनाया जा सकता है। जरूरतमंदों की मदद कर, उनके चेहरे पर मुस्कान लाकर ही असली खुशी और संतुष्टि प्राप्त होती है।
यह पहल न केवल एक जन्मदिन का जश्न थी, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी और मानवता की मिसाल भी बनी।


