जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों को दी दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल दीपावली मनाने की अपील
चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपद चंपावत के समस्त नागरिकों को प्रकाश पर्व दीपावली की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि दीपों का यह पावन पर्व जनपद के प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति और खुशहाली लेकर आए तथा सभी के जीवन को नई ऊर्जा और सकारात्मकता से आलोकित करे।
जिलाधिकारी ने अपने शुभकामना संदेश में जनपदवासियों से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार की खुशियां मनाते समय सुरक्षा और पर्यावरण का विशेष ध्यान रखना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दीपावली पर आतिशबाजी करते समय विशेष सावधानी बरतें, बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने दें तथा आगजनी और दुर्घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाएं। साथ ही ध्वनि एवं वायु प्रदूषण को कम करने के लिए कम प्रदूषण वाले विकल्पों को प्राथमिकता दें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें।
जिलाधिकारी ने कहा कि दीपावली केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि आपसी सद्भाव, सहयोग और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां बांटने का भी अवसर है। उन्होंने सभी से स्थानीय कारीगरों एवं छोटे व्यापारियों से खरीदारी कर उनके उत्साहवर्धन की अपील भी की।
अंत में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी जनपदवासियों से सुरक्षित, स्वच्छ, शांतिपूर्ण एवं पर्यावरण अनुकूल दीपावली मनाने का आह्वान करते हुए सभी के सुखद, स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

