टनकपुर, चंपावत। राजकीय महाविद्यालय टनकपुर के वाणिज्य संकाय में शैक्षणिक एवं विभागीय गतिविधियों को नई दिशा देने के उद्देश्य से सत्र 2026-27 के लिए विभागीय परिषद का गठन किया गया। सोमवार, 2 नवंबर को आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से छात्र-छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। परिषद के गठन से वाणिज्य संकाय के विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
विभाग प्रभारी प्रो. (डॉ.) आशुतोष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विद्यार्थियों की सहभागिता, नेतृत्व क्षमता और विभागीय गतिविधियों को प्रोत्साहित करने पर चर्चा की गई। इसके बाद सर्वसम्मति से मिलन सिंह मल्ल को विभागीय परिषद का अध्यक्ष, रोहन गरकोटी को उपाध्यक्ष, शुभम कुमार को सचिव तथा महक पांडे को कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया।
वहीं, कक्षा प्रतिनिधियों के रूप में बी.कॉम पंचम सेमेस्टर के विनीत जोशी, बी.कॉम तृतीय सेमेस्टर के सुजल सरन तथा बी.कॉम प्रथम सेमेस्टर के मोहम्मद शाकिब खान को जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस अवसर पर विभाग प्रभारी प्रो. (डॉ.) आशुतोष कुमार ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विभागीय परिषद विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक विचारों को सामने रखने का बेहतर मंच प्रदान करती है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वे विद्यार्थियों के बीच समन्वय स्थापित करते हुए विभाग की शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
नवनियुक्त अध्यक्ष मिलन सिंह मल्ल सहित परिषद के सभी पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देने, उनकी समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने तथा विभाग की गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं सक्रिय बनाने का संकल्प लिया।
विभागीय परिषद के इस गठन को महाविद्यालय में छात्र नेतृत्व को प्रोत्साहित करने और विद्यार्थियों को विभागीय गतिविधियों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


