टनकपुर। भारतीय जन चेतना परिषद, टनकपुर की ओर से मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं नगर के पूर्व चेयरमैन स्वर्गीय श्री चंदी प्रसाद की पुण्यतिथि पर प्रार्थना सभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके सामाजिक, शैक्षिक एवं विकासात्मक योगदान को याद किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त राजकीय अध्यापक श्री पूरन लाल गंगवार ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद आयोजित श्रद्धांजलि सभा में नगर पालिका अध्यक्ष श्री विपिन कुमार वर्मा ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के जीवन, संघर्षों और उनके द्वारा किए गए ऐतिहासिक कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि स्वर्गीय चंदी प्रसाद का टनकपुर के विकास में अतुलनीय योगदान रहा है। टाउन एरिया एवं नॉन नोटिफाइड एरिया के अध्यक्ष के रूप में उन्होंने नगर के विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए उल्लेखनीय कार्य किए। उन्होंने प्राइमरी से लेकर उच्च शिक्षा तक लोगों को जागरूक करने और शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। गरीबों, मजदूरों, शोषितों, वंचितों एवं दलित वर्गों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास सदैव याद किया जाता रहेगा।

उन्होंने कहा कि नेहरू पार्क, महात्मा गांधी प्राथमिक विद्यालय, जल संस्थान परिसर, पुरानी पानी की टंकी, नगर के चौड़े फुटपाथ एवं शास्त्री पार्क जैसी ऐतिहासिक विकास की निशानियां आज भी उनके दूरदर्शी कार्यों की गवाही देती हैं। स्वर्गीय चंदी प्रसाद केवल एक जनप्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के हितों के लिए समर्पित एक संघर्षशील एवं विकासवादी व्यक्तित्व थे।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि भारतीय जन चेतना परिषद द्वारा स्वर्गीय चंदी प्रसाद की स्मृति में प्रत्येक वर्ष इस दिन को ‘जन चेतना दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज में जागरूकता, आपसी भाईचारे और शिक्षा के महत्व का संदेश प्रसारित करना है। उन्होंने कहा कि यह दिन केवल श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और समाज के हित में कार्य करने का संकल्प लेने का दिन है। इस अवसर पर परिषद के सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।

श्रद्धांजलि सभा में पूर्व सभासद श्री भगवत सरन, पूर्णागिरी बार एसोसिएशन के संरक्षक एवं एडवोकेट श्री विनोद प्रकाश, पूर्व कर्मचारी नेता श्री नवल किशोर, लघु व्यापार एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष श्री शिवकुमार एवं श्री सुशील कुमार सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने स्वर्गीय चंदी प्रसाद के संघर्षपूर्ण जीवन, सामाजिक योगदान और जनसेवा के कार्यों को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर श्री लाल बहादुर, श्री उमा शंकर गंगवार, श्री दीनानाथ गंगवार, श्री फिरोज अंसारी, श्री राजेश कुमार, श्री फरद अली, श्री रमेश निषाद, श्री मुकेश कश्यप, श्री मुरली मनोहर, श्री अजय कुमार, श्री संजय सक्सेना, श्री अनिल यादव, श्री अनूप सिंह यादव, श्री सरदार मनमोहन सिंह, श्री केदार दत्त जोशी, श्री सौरभ गुप्ता, श्रीमती विमला यादव, श्रीमती संगीता, कु. सपना एवं सुश्री जमुना महर सहित अनेक गणमान्य लोगों ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
कार्यक्रम का संचालन श्री नारायण वाल्मीकि ने किया। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने सामूहिक रूप से रामधुन गाकर स्वर्गीय चंदी प्रसाद को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरा वातावरण श्रद्धा, स्मृतियों और सामाजिक संकल्प के भाव से ओतप्रोत रहा।

