in

नगर पालिका परिषद टनकपुर के द्वारा दीपावली पर टनकपुर को मिला उत्सव का नया स्वरूप, अध्यक्ष विपिन कुमार और सभासदों ने सजावट से लेकर सफाई, पेयजल और सुरक्षा तक तैयारियों में झोंकी ताकत

. विद्युत झालरों से जगमगाए टनकपुर के बाजार, गांधी मैदान में आतिशबाजी की व्यवस्था और सड़कों पर सफाई अभियान, दीपावली को लेकर नगर पालिका पूरी तरह अलर्ट

दीपावली पर रोशनी से जगमगाया टनकपुर, बाजारों की सजावट से लेकर सुरक्षा और स्वच्छता तक नगर पालिका ने संभाली कमान।

अध्यक्ष विपिन कुमार और सभासदों की पहल से त्योहार के रंग में रंगा शहर, बाजारों में विद्युत झालरों और स्वागत द्वारों ने बढ़ाई रौनक; गांधी मैदान में आतिशबाजी बाजार, पेयजल और सफाई व्यवस्था पर भी विशेष जोर।

टनकपुर। दीपावली के पावन पर्व को लेकर टनकपुर नगर में उत्सव का माहौल नजर आने लगा है। शहर को स्वच्छ, सुंदर और रोशनी से जगमग बनाने के लिए नगर पालिका परिषद टनकपुर की ओर से व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार के नेतृत्व में सभासदों और पालिका टीम के प्रयासों से नगर के प्रमुख बाजारों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों को आकर्षक विद्युत झालरों से सजाया गया है। जगह-जगह बनाए गए स्वागत द्वार और रंगीन रोशनी से सजे बाजार लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

दीपावली के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की सुविधाओं को देखते हुए नगर पालिका ने केवल सजावट ही नहीं, बल्कि बुनियादी व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया है। नगर के प्रमुख मार्गों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है। साफ-सफाई के साथ चूने का छिड़काव कर नगर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।

त्योहारी सीजन में नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आतिशबाजी की दुकानों के लिए गांधी मैदान में निर्धारित स्थान पर समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे बाजार क्षेत्र में अनावश्यक अव्यवस्था न हो। वहीं खरीदारी के लिए बाजार पहुंचने वाले लोगों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जरूरत के अनुसार पानी के टैंकरों की व्यवस्था भी की जा रही है।

इसके अलावा नगर में यातायात एवं आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए ध्वनि प्रसारण प्रणाली के माध्यम से लोगों को आवश्यक जानकारियां और दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं। पालिका का प्रयास है कि त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ के बावजूद आम नागरिकों, व्यापारियों और ग्राहकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

विकास के साथ उत्सव की खुशियां बांटने का प्रयास

नगर पालिका अध्यक्ष विपिन कुमार एवं सभासदों की ओर से की गई इन तैयारियों का उद्देश्य दीपावली के अवसर पर टनकपुर को आकर्षक स्वरूप देने के साथ ही नगरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में नगर पालिका परिषद टनकपुर नगर के विकास, सौंदर्यीकरण और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।

नगर पालिका बोर्ड एवं पालिका परिवार की ओर से समस्त नगरवासियों, व्यापारियों और क्षेत्रवासियों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की गई है। रोशनी, स्वच्छता, सुरक्षा और बेहतर व्यवस्थाओं के बीच टनकपुर में इस बार दीपोत्सव को यादगार बनाने की तैयारी दिखाई दे रही है।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दीपावली पर सहयोग मल्टीस्टेट की ‘उड़ान’ ने सलानी गोठ के नौनिहालों के चेहरों पर बिखेरी मुस्कान, दोनों राजकीय विद्यालयों में वस्त्र एवं उपहार वितरित कर पेश की सामाजिक सरोकारों की मिसाल