कारगिल विजय दिवस पर टनकपुर में वीर शहीदों को नमन, पूर्व सैनिकों ने साझा किए रणभूमि के अनुभव
टनकपुर। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर टनकपुर स्थित सैनिक विश्राम गृह में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। अखिल भारतीय पूर्व सैनिक परिषद के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व सैनिकों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा गणमान्य नागरिकों ने वीर जवानों के शौर्य और बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक ऐतिहासिक जीत का प्रतीक नहीं, बल्कि उन वीर सैनिकों के अदम्य साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का स्मरण कराने वाला गौरवपूर्ण अवसर है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर कर दिए।
समारोह में मौजूद पूर्व सैनिकों ने कारगिल युद्ध से जुड़ी स्मृतियों को साझा करते हुए बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी भारतीय सेना ने अद्वितीय पराक्रम का परिचय दिया था। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, अनुशासन का पालन करने और देश सेवा की भावना को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में पर्यावरण संरक्षण और शहीदों की स्मृति को समर्पित “शहीद सैनिकों के नाम एक वृक्ष” अभियान के तहत सैनिक विश्राम गृह परिसर में पौधारोपण किया गया। आयोजकों ने कहा कि यह पहल वीर शहीदों की याद को प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का एक सार्थक प्रयास है।
समारोह का संचालन राजेंद्र सिंह अधिकारी ने किया। इस अवसर पर कैप्टन चंद्रशेखर गहतोड़ी, केशव सिंह भंडारी, पूर्णानंद जोशी, सूबेदार मेजर महेश जोशी, सूबेदार पुष्कर सिंह बोरा, हवलदार मनोज तिवारी, हवलदार कैलाश राय, सूबेदार धर्म सिंह रावत, हवलदार दिग्विजय तड़ागी, अजय गुरुरानी, विजेंद्र अग्रवाल, डॉ. देवी दत्त जोशी, जगदीश जोशी सहित अनेक पूर्व सैनिक एवं सम्मानित नागरिक उपस्थित रहे।


