बरेली, 22 सितम्बर 2026।
रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से साकार करने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में मंगलवार को मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी और साफ-सुथरा सार्वजनिक परिसर’ थीम के तहत विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान बरेली सिटी, इज्जतनगर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद, कन्नौज, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआं, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर एवं पीलीभीत सहित मंडल के अन्य स्टेशनों पर विशेष सफाई अभियान चलाया गया।

स्वच्छता अभियान के दौरान रेलवे स्टेशनों के प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज, शौचालय, नालियों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई की गई। रेलवे परिसर में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के साथ-साथ यात्रियों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अलावा मंडल स्थित कोचिंग डिपो में रेलगाड़ियों के कोचों की विशेष सफाई की गई। संबंधित अधिकारियों एवं सुपरवाइजर्स द्वारा निर्धारित स्वच्छता मानकों के अनुरूप किए जा रहे कार्यों की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि यात्रियों को स्वच्छ एवं बेहतर रेल यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

स्वच्छता अभियान को प्रभावी और व्यापक बनाने के लिए गैर-सरकारी संस्थाओं एवं सहयोगी संगठनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की जा रही है। अभियान के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जा रहा है कि स्वच्छता केवल एक अभियान या औपचारिक गतिविधि तक सीमित न रहे, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की दैनिक आदत और जिम्मेदारी का हिस्सा बने।
रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को गीले एवं सूखे कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने, रेलवे परिसर एवं रेलगाड़ियों में कूड़ा न फैलाने तथा सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
रेल प्रशासन ने यात्रियों एवं आमजन से अपील की है कि रेलवे परिसर और रेलगाड़ियों को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में अपना सहयोग प्रदान करें। स्वच्छ रेलवे परिसर केवल रेल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि यात्रियों और आमजन की सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छता का संकल्प पूरी तरह साकार हो सकता है।


