टनकपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर स्वर्गीय राजेश मोहन सक्सैना की पुण्यतिथि को उनके पुत्र राजीव सक्सैना ने भावनात्मक और प्रेरणादायी अंदाज में ‘गुरु दक्षिणा दिवस’ के रूप में मनाया। कार्यक्रम के दौरान उनके 48 वर्षों के एलआईसी सेवाकाल, स्वर्ण पदक उपलब्धि तथा समाज के प्रति उनके समर्पण और सेवाभाव को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
राजीव सक्सैना ने अपने पिता को जीवन का प्रथम गुरु बताते हुए कहा कि उनसे मिले संस्कार, अनुशासन, सेवा भावना और जरूरतमंदों की मदद करने की सीख आज भी उनके जीवन का मार्गदर्शन करती है। पिता की स्मृतियों को जीवंत रखने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मीडिया कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में एलआईसी के शाखा प्रबंधक रक्षपाल सिंह और विकास अधिकारी धर्मपाल सिंह ने उपस्थित मीडिया कर्मियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान विकास अधिकारी टीपी टकवाल, प्रशासनिक अधिकारी मनोहर लाल कोहली, उमेश सिंह राणा, अनिल जोशी, मदन बोहरा, आनंद पाठक समेत एलआईसी के अभिकर्ताओं ने स्वर्गीय राजेश मोहन सक्सैना के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए शाखा प्रबंधक रक्षपाल सिंह ने जीवन बीमा की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बीमा केवल एक वित्तीय योजना नहीं, बल्कि व्यक्ति और उसके परिवार को भविष्य की अनिश्चित परिस्थितियों से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने जीवन बीमा प्लैटिनम, जीवन रक्षा समेत विभिन्न बीमा योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से अपने और परिवार के सुरक्षित भविष्य के लिए समय रहते बीमा कराने की अपील की।


उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और आम लोगों तक बीमा की जानकारी पहुंचाने में बीमा सखियों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। वर्तमान में पुष्पा भट्ट, रेखा साहू, प्रियंका सिंह, पूनम देवी, भावना चौहान, भागीरथी जोशी और बिंधेश्वरी बिष्ट बीमा सखी के रूप में लोगों को बीमा योजनाओं के प्रति जागरूक करने का कार्य कर रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान स्वर्गीय राजेश मोहन सक्सैना के एलआईसी से जुड़े 48 वर्षों के लंबे सेवाकाल और समाजहित में किए गए कार्यों का उल्लेख किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, सेवाभाव और सामाजिक योगदान को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि उनके द्वारा छोड़ी गई संस्कारों और सेवा की विरासत समाज के लिए लंबे समय तक प्रेरणा का स्रोत बनी रहेगी।
शिक्षक दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम एक पिता को गुरु मानकर उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने की अनूठी पहल के रूप में सामने आया।
पोर्टल चैनल परिवार की ओर से भी स्वर्गीय राजेश मोहन सक्सैना को विनम्र श्रद्धांजलि। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी सेवा भावना, संस्कार और सामाजिक सरोकारों की विरासत आने वाली पीढ़ियों को निरंतर प्रेरित करती रहे। 🙏🌹


