चंपावत। सेवा संकल्प फाउंडेशन की फाउंडर ट्रस्टी श्रीमती गीता पुष्कर धामी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में रविवार को जीजीआईसी सभागार, चंपावत में ‘सावन उत्सव-2026’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीमती गीता धामी एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पूज्य माताजी श्रीमती बिशना देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
सावन उत्सव में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और परंपराओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली। विद्यालय एवं डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। भगवान शिव-पार्वती को समर्पित नृत्य, नंदा-सुनंदा, सातूं-आंठू (गौरा-महेश) और झोड़ा-चांचरी की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। वहीं 60 से 65 वर्ष आयु की 13 वरिष्ठ महिलाओं द्वारा नशा मुक्ति अभियान पर दी गई विशेष प्रस्तुति को भी खूब सराहा गया।
कार्यक्रम में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा पहाड़ी उत्पाद, पारंपरिक ऐपण कला, जूट के बैग, लोहे के बर्तन और अन्य स्थानीय उत्पादों के स्टॉल लगाए गए। लाइव मेहंदी, सेल्फी प्वाइंट और झूला भी महिलाओं व बालिकाओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
उत्सव में ‘मिसेज सावन क्वीन-2026’, सुपर ईजा डांस, विभिन्न मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं ‘सावन सरप्राइज अवॉर्ड्स’ के तहत सबसे दूर से आई प्रतिभागी, सुंदर मुस्कान और आकर्षक पारंपरिक परिधान जैसी श्रेणियों में भी पुरस्कार दिए गए।
इस अवसर पर श्रीमती गीता धामी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और पर्यावरण हमारी पहचान हैं, जिन्हें संरक्षित करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने महिलाओं से पौधों की बच्चे की तरह देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प फाउंडेशन महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 15 महिलाओं को ‘नंदा शिखर सम्मान’ से सम्मानित किया गया। इनमें स्वयं सहायता समूह, आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता एवं शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी महिलाएं शामिल रहीं। साथ ही प्रतियोगिताओं के विजेताओं और वरिष्ठ माताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्री श्याम नारायण पांडे, विधायक प्रतिनिधि प्रकाश तिवारी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती प्रेमा पांडेय, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती अंचला बोहरा, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, महिला मोर्चा अध्यक्ष दीपा जोशी, प्रदेश महामंत्री मुकेश कलकुड़िया, सहायक परियोजना निदेशक विमी जोशी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, महिला समूहों की सदस्याएं और बड़ी संख्या में महिलाएं एवं छात्राएं मौजूद रहीं।
सावन उत्सव के माध्यम से लोकसंस्कृति, महिला शक्ति, स्थानीय हुनर और पर्यावरण संरक्षण को एक मंच पर लाने का प्रयास किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।

