टनकपुर। माननीय मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत नगर पालिका स्तर पर बालक वर्ग (8 से 14 वर्ष) की चयन प्रक्रिया सोमवार, 28 जुलाई 2026 को स्पोर्ट्स स्टेडियम टनकपुर में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में कुल 70 बाल खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

चयन प्रक्रिया पूरी तरह शारीरिक दक्षता के आधार पर आयोजित की गई। प्रतिभागियों का मूल्यांकन विभिन्न फिटनेस एवं एथलेटिक परीक्षणों के माध्यम से किया गया, जिनमें 600 मीटर दौड़, 30 मीटर फ्लाइंग स्टार्ट, स्टैंडिंग ब्रॉड जंप, मेडिसिन बॉल थ्रो, शटल रन तथा फॉरवर्ड बेंड रीच टेस्ट शामिल रहे। इन परीक्षणों के आधार पर खिलाड़ियों की क्षमता, गति, शक्ति, संतुलन और लचीलापन परखा गया।

कार्यक्रम के सफल संचालन में शिक्षा विभाग एवं खेल विभाग के अधिकारियों और प्रशिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। शिक्षा विभाग की ओर से ललित मोहन भट्ट, रचित वल्दिया, चंद्र सिंह खोलिया, ममता बिष्ट, भुवन जोशी, दिनेश नेगी, प्रदीप कश्यप एवं देवेंद्र खड़ायत उपस्थित रहे।
वहीं खेल विभाग की ओर से फुटबॉल प्रशिक्षक गौरव खोलिया, बॉक्सिंग प्रशिक्षक ललित मोहन कुंवर, सूरज पांडे, हॉकी प्रशिक्षक प्रकाश सिंह, क्रिकेट प्रशिक्षक मनोज टकवाल, वॉलीबॉल प्रशिक्षक आशा पांडे, बास्केटबॉल प्रशिक्षक सुभाष पांडे, हैंडबॉल प्रशिक्षक महेश चुफाल, ताइक्वांडो प्रशिक्षक इमरान, हीरा, दीपक तथा राकेश जोशी ने चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया।

इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रोत्साहन देना है, ताकि भविष्य में ये खिलाड़ी राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्तराखंड का नाम रोशन कर सकें।


