टनकपुर भाजपा कार्यालय में आज संगठन और सरकार से जुड़े पदाधिकारियों की मौजूदगी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री एवं राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष मोहन पाठक का भव्य स्वागत किया गया। साथ ही नगर पालिका परिषद टनकपुर के नवनियुक्त मनोनीत सभासदों का भी अभिनंदन किया गया।
टनकपुर के भाजपा कार्यालय में मंडल अध्यक्ष तुलसी कुंवर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार में दर्जा राज्यमंत्री एवं राज्य स्तरीय खेल परिषद के उपाध्यक्ष मोहन पाठक का पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर नगर पालिका परिषद टनकपुर के नवनियुक्त मनोनीत सदस्यों मुकेश साहू, रीता कलखुडिया, निगम गुप्ता और धर्मपाल आर्या का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने सभी मनोनीत सदस्यों को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं देते हुए संगठन और जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

इस मौके पर दर्जा राज्यमंत्री हेमा जोशी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनहित के मुद्दों पर लगातार प्रभावी कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का भी आह्वान किया।

कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता रोहिताश अग्रवाल, शिवराज सिंह कठायत, जिला मंत्री पूरन मेहरा, दर्जा राज्यमंत्री मनोज कालाकोटी, दर्जा राज्यमंत्री किरण देवी, रवि प्रजापति, मंडल महामंत्री कुमुद जोशी, मंडल महामंत्री हरीश कॉलोनी, राम सिंह धोनी, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष कमल गिरी, सुनीता कुंवर, मंजू बोहरा, बबीता पांडे, गिरीश शर्मा सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के साथ-साथ सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को जनता तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया।
टनकपुर भाजपा कार्यालय में आयोजित इस सम्मान समारोह के माध्यम से संगठन ने नवनियुक्त मनोनीत सभासदों का अभिनंदन किया, वहीं सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को लेकर भी पार्टी नेताओं ने अपने विचार रखे। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक बताते हुए आगामी समय में जनहित के कार्यों को और गति देने का संकल्प दोहराया।


