in , , , , , , , , ,

टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में अत्याधुनिक डायलिसिस एवं ईसीजी सुविधाओं का उद्घाटन, डांडा ककनई में समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम की शुरुआत।

चम्पावत को मिली स्वास्थ्य और ग्राम विकास की दो बड़ी सौगातें, मुख्यमंत्री धामी ने किया वर्चुअल शुभारंभ।

चम्पावत, 10 जुलाई 2026 (सूवि)। जनपद चम्पावत को स्वास्थ्य सेवाओं और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ प्राप्त हुईं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन से वर्चुअल माध्यम से टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में नवीन स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन तथा डांडा ककनई में नेस्ले इंडिया और बीएआईएफ के सहयोग से संचालित उत्तराखंड CSR–2026 समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम (HVDP) का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) केवल सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उद्योग जगत से राज्य की विकास यात्रा में सहभागी बनने और अपने CSR संसाधनों का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण एवं ग्राम विकास जैसे क्षेत्रों में करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पर्वतीय एवं भौगोलिक परिस्थितियाँ अन्य राज्यों से भिन्न हैं, इसलिए विकास की योजनाओं में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और ग्रामीण सशक्तिकरण को समान प्राथमिकता दी जानी चाहिए। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि पारदर्शी नीतियों और कॉर्पोरेट सहयोग से उत्तराखंड सतत एवं समावेशी विकास का राष्ट्रीय मॉडल बन सकता है।

वर्चुअल उद्घाटन के तहत टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में दो अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनों तथा एक नवीन ईसीजी मशीन का लोकार्पण किया गया। इन सुविधाओं के शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के मरीजों को अब स्थानीय स्तर पर ही बेहतर और आधुनिक चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध हो सकेंगी। इससे स्वास्थ्य व्यवस्था को भी नई मजबूती मिलेगी।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज, डांडा ककनई से समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम (HVDP) का शुभारंभ किया और ग्रामीणों से वर्चुअल संवाद भी किया। कार्यक्रम के माध्यम से स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार और ग्राम अवसंरचना जैसे क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दी जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि “आदर्श चम्पावत – विकसित चम्पावत” केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनसहभागिता से जनपद के सर्वांगीण विकास का संकल्प है। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे और चम्पावत सुशासन, नवाचार एवं जनकल्याण का आदर्श जनपद बने।

जनपद में आयोजित कार्यक्रमों में दर्जा राज्य मंत्री हेमा जोशी, मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के नोडल अधिकारी के. एस. बृजवाल, तहसीलदार पिंकी आर्य, सीएमएस डॉ. घनश्याम तिवारी, चिकित्सकगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण और ग्रामोदय की दिशा में उठाया गया यह कदम चम्पावत को विकास के नए आयामों तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

हनुमान चट्टी में सड़क पर गिरा पेड़, फायर स्टेशन टनकपुर की त्वरित कार्रवाई से कुछ ही देर में खुला मार्ग।

बजरंग दल के सेवा सप्ताह में बनबसा से टनकपुर तक चला हरित अभियान, पार्कों, विद्यालयों और मंदिर परिसरों में हुआ व्यापक वृक्षारोपण