परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से मिला उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ का प्रतिनिधिमंडल, कर्मचारियों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा
रुड़की, जून 2026। उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ (संबद्ध भारतीय मजदूर संघ) के एक प्रतिनिधिमंडल ने भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार के परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा से उनके रुड़की स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत किया तथा परिवहन निगम और कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने उत्तराखंड परिवहन निगम के कर्मचारियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं एवं मांगों को प्रमुखता से उठाया। इनमें विशेष श्रेणी एवं संविदा कर्मचारियों का नियमितीकरण, आगामी कुंभ मेले को देखते हुए नई बसों की व्यवस्था, निगम के बेड़े में प्रतिवर्ष नई बसों को शामिल करने की नीति, कर्मचारियों के वेतन एवं अन्य देयकों का समयबद्ध भुगतान, अवैध परिवहन संचालन पर प्रभावी नियंत्रण तथा कर्मचारियों को 60 प्रतिशत महंगाई भत्ते का लाभ प्रदान करने जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ सदैव श्रमिक हित, उद्योग हित और राष्ट्रहित को समान महत्व देता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम प्रदेश की जनता को महत्वपूर्ण सेवाएं उपलब्ध करा रहा है, इसलिए निगम कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए। उन्होंने बैठक को सकारात्मक एवं सार्थक बताते हुए उम्मीद जताई कि कर्मचारियों और निगम हित से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र प्रभावी निर्णय लिए जाएंगे।
उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा ने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम प्रदेश के विकास और जनसेवा का मजबूत आधार है। निगम के कर्मचारी विषम परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। ऐसे में कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान और निगम को आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है।
प्रदेश महामंत्री रामप्रीत यादव ने कहा कि परिवहन निगम प्रदेशवासियों को सस्ती, सुरक्षित और सुलभ परिवहन सेवा उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण सार्वजनिक उपक्रम है। उन्होंने कर्मचारियों के वेतन, लंबित देयकों, नियमितीकरण और अन्य मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की आवश्यकता पर बल दिया तथा विश्वास व्यक्त किया कि सरकार कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाएगी।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कर्मचारियों एवं निगम हित से जुड़े सभी विषयों पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड परिवहन निगम को मजबूत एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी। कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के पदाधिकारियों को पटका पहनाकर सम्मानित भी किया।
प्रतिनिधिमंडल में उत्तरांचल परिवहन मजदूर संघ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य बालमुकुंद सुयाल, प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र मिश्रा, प्रदेश महामंत्री रामप्रीत यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष दीपक साहा, कुलबीर सिंह तथा भारतीय मजदूर संघ उत्तराखंड के प्रदेश महामंत्री सुमित सिंघल सहित संगठन के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में संगठन की ओर से परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा का समय देने, प्रतिनिधिमंडल का सम्मानपूर्वक स्वागत करने तथा संगठन की बातों को गंभीरता से सुनने के लिए आभार व्यक्त किया गया।


