चंपावत। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर चंपावत जिला पत्रकार संगठन द्वारा सूचना विभाग सभागार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलेभर से आए पत्रकारों ने प्रतिभाग कर पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला सूचना अधिकारी अनुज कुमार ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेता शंकर दत्त पांडे उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन से हुई। इसके बाद वक्ताओं ने वर्तमान समय में पत्रकारिता के क्षेत्र में हो रहे बदलावों और मीडिया की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

मुख्य अतिथि शंकर दत्त पांडे ने सभी पत्रकारों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पत्रकार समाज के कमजोर और वंचित वर्गों की आवाज़ को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करना पहले की अपेक्षा अधिक चुनौतीपूर्ण हो गया है। ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है।

उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करते हैं। उनकी निष्पक्ष लेखनी ही जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाने का माध्यम बनती है।
इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले सात पत्रकारों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में वरिष्ठ पत्रकार सतीश जोशी, हरीश पांडे, दीपक धामी, दीपक फुलेरा, ललित मोहन जोशी, पंकज पाठक तथा विनोद चतुर्वेदी शामिल रहे।

कार्यक्रम का संचालन संगठन के महामंत्री गिरीश बिष्ट ने किया। समारोह में संगठन के जिला अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली सहित चंद्रशेखर जोशी, राजेश देऊपा, जया पुनेठा, देवेंद्र चंद्र देवा, कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट, सुरेश उप्रेती, जीवन वर्ती, शुभम गौड़, कुंदन बिष्ट, लक्ष्मण बिष्ट, बाबूलाल यादव, विनोद जोशी, राजीव गुप्ता, अर्जुन सिंह, रूपेश कुमार प्रजापति, सूरी पंत, मार्टिन माइकल, जगदीश जोशी, प्रकाश भट्ट, विपिन चंद्र जोशी, नवीन भट्ट, महेश चौड़ाकोटी समेत जिलेभर से आए अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।
हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर आयोजित इस सम्मान समारोह ने पत्रकारों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ समाज और लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित किया।


