बनबसा (चम्पावत)। क्षेत्रीय कार्यालय चंडीगढ़ के कार्यपालक निदेशक आदित्य गौतम ने टनकपुर पावर स्टेशन, बनबसा का दौरा किया। उनके आगमन पर पावर स्टेशन प्रमुख ऋषि रंजन आर्य ने पौधा भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर पावर स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
दौरे के दौरान कार्यपालक निदेशक ने बैराज परिसर, सिल्ट इजेक्टर और पावर हाउस सहित विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद प्रशासनिक भवन के सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों एवं यूनियन प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया। बैठक में कार्यस्थल से जुड़ी समस्याओं, सुझावों और सुधार संबंधी विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
अपने दौरे के अंतर्गत श्री गौतम ने वीआईपी गेस्ट हाउस परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। उनका यह दौरा पावर स्टेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए उत्साहवर्धक एवं प्रेरणादायी साबित हुआ।


