in , , , , ,

एनएचपीसी के गंगा सदन में पत्रकार सम्मान एवं संवाद समारोह का भव्य आयोजन, क्षेत्रीय विकास और जनसरोकारों पर अधिकारियों ने दिया भरोसा

बनबसा-टनकपुर क्षेत्र में एनएचपीसी की विकासपरक पहल की सराहना, सम्मान समारोह में दिखी आत्मीयता और सहयोग की भावना

बनबसा। शुक्रवार शाम एनएचपीसी के गंगा सदन में आयोजित पत्रकार सम्मान एवं संवाद समारोह सौहार्द, सम्मान और जनसंवाद का प्रेरणादायी मंच बन गया। कार्यक्रम में एनएचपीसी के पावर स्टेशन प्रमुख नृ्षि रंजन आर्य, महाप्रबंधक (विद्युत) मोहम्मद जावेद अंसारी सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। वहीं बनबसा-टनकपुर क्षेत्र के पत्रकारों, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति ने पूरे आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम का संचालन आशीष गोयल ने प्रभावशाली अंदाज में किया।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर पावर स्टेशन प्रमुख नृ्षि रंजन आर्य ने एनएचपीसी द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक, विकासपरक एवं जनहितकारी कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनएचपीसी केवल विद्युत उत्पादन तक सीमित संस्था नहीं है, बल्कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी पूरी निष्ठा से निभा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी संस्था क्षेत्रीय विकास और स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर सक्रिय भूमिका निभाती रहेगी।

संवाद सत्र के दौरान पत्रकारों, व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। एनएचपीसी अधिकारियों ने कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया, जबकि अन्य मुद्दों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने विभाग की सकारात्मक कार्यशैली और संवेदनशीलता की सराहना की।

वरिष्ठ पत्रकार विनोद काला ने एनएचपीसी की उपलब्धियों और क्षेत्र में किए जा रहे विकास कार्यों की प्रशंसा करते हुए पावर स्टेशन प्रमुख नृ्षि रंजन आर्य एवं महाप्रबंधक मोहम्मद जावेद अंसारी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एनएचपीसी लगातार समाज और क्षेत्रहित में सराहनीय कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय लोगों को लाभ मिल रहा है।

समारोह का सबसे भावुक और प्रेरणादायी क्षण तब आया जब पावर स्टेशन प्रमुख नृ्षि रंजन आर्य ने अपने बचपन और पारिवारिक जीवन से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि आज वह जिस मुकाम पर हैं, उसमें उनके पिता का सबसे बड़ा योगदान है। उन्होंने बच्चों को स्वतंत्र वातावरण और आगे बढ़ने के अवसर देने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने मुस्कुराते हुए बताया कि आज भी जब वह अपने पिता को फोन करते हैं तो पिता सबसे पहले पूछते हैं — “कितने रुपये चाहिए?” उनकी इस आत्मीय बात ने पूरे सभागार को भावुक कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से वातावरण गूंज उठा।

महाप्रबंधक (विद्युत) मोहम्मद जावेद अंसारी ने भी उपस्थित सभी पत्रकारों, व्यापारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एनएचपीसी सदैव क्षेत्रहित और जनसेवा के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों और व्यापारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित भी किया गया।

समारोह में बनबसा और टनकपुर क्षेत्र के अनेक पत्रकार, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में सम्मान, सहयोग और सकारात्मक संवाद की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली, जिसने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

सेवानिवृत्त आईजी गणेश सिंह मर्तोलिया ने टनकपुर सिटीजन पुस्तकालय में भरी सफलता की नई उड़ान, छात्रों को दिया प्रेरणा का मंत्र।

मदर्स डे पर मातृशक्ति ने संभाली धरती मां की जिम्मेदारी, वार्ड नंबर 7 में महिलाओं ने चलाया स्वच्छता और पौध संरक्षण अभियान