भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र में अवैध मछली शिकार और व्यापार के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई हल्द्वानी वन प्रभाग के अंतर्गत शारदा रेंज द्वारा शारदा नदी के अपरस्ट्रीम शारदा घाट के समीप आरक्षित वन क्षेत्र में की गई।
प्रभागीय वनाधिकारी, हल्द्वानी वन प्रभाग एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी, शारदा के निर्देशन में वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर क्षेत्र में सघन गश्त और निगरानी अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए दबिश दी और मौके से राजेंद्र सिंह उर्फ राजू, निवासी शारदा घाट, टनकपुर को भारी मात्रा में मछलियों एवं प्रतिबंधित जाल के साथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य संदिग्ध व्यक्ति वन विभाग की टीम को देखकर फरार हो गए, जिनकी पहचान के लिए जांच की जा रही है।
वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ शारदा रेंज में मुकदमा अपराध संख्या 01/शारदा/2026-27 के तहत भारतीय वन अधिनियम 1927 (यथासंशोधित) की धारा 26 के अंतर्गत मामला दर्ज कर लिया है और अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में अवैध मछली शिकार और व्यापार न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह जैव विविधता और नदी तंत्र के संतुलन के लिए भी गंभीर खतरा है।
वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा ने कहा कि शारदा रेंज में इस प्रकार की अवैध गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी सख्त निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्थानीय लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें।
वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध मछली व्यापार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।


