टनकपुर/पूर्णागिरि। माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल के निर्देशन में पूर्णागिरि मेले क्षेत्र स्थित पंचमुखी धर्मशाला के पास हुई आगजनी की घटना पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात्रि लगभग 2:00 बजे पूर्णागिरि मेले क्षेत्र में अचानक आग लग गई, जिससे वहां स्थित गिफ्ट एवं खिलौनों की कई दुकानें प्रभावित हुईं। आग की चपेट में आने से दुकानों में रखा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया, जिससे दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही नोडल अधिकारी श्री केदार सिंह बृजवाल स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।

निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने घटनास्थल से ही जिलाधिकारी से दूरभाष पर वार्ता कर प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। साथ ही उन्होंने मेले में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें शीघ्र राहत मिल सके और वे दोबारा अपने व्यवसाय को सुचारु रूप से प्रारंभ कर सकें।
इस अवसर पर नगर पालिका टनकपुर के अध्यक्ष श्री विपिन कुमार, तहसीलदार सुश्री पिंकी आर्य, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष श्री मुकेश जोशी, सभासद श्री दिनेश कुमार नन्हे, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका श्री ऋषभ उनियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

