देहरादून, 5 अप्रैल 2026।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज के एथलेटिक्स ट्रैक पर आयोजित दो दिवसीय उत्तराखंड राज्य जूनियर (अंडर-20) एथलेटिक्स प्रतियोगिता में चंपावत जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। यह प्रतियोगिता 4 से 5 अप्रैल 2026 तक आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर के खिलाड़ियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों से कुल 92 बालक और 42 बालिकाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में स्व. कैलाश गहतोड़ी स्टेडियम, टनकपुर के एथलीटों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया:
अमित रेसवॉल ने बालक वर्ग की हाई जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता।
बालिका वर्ग में सोनी ने 3 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़ में दो स्वर्ण पदक अपने नाम किए।
भावना ने हैमर थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक हासिल किया।
इन खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित 24वीं नेशनल जूनियर अंडर-20 फेडरेशन एथलेटिक्स प्रतियोगिता के लिए किया गया है। यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 24 से 26 अप्रैल 2026 तक कर्नाटक के तुमकुर में आयोजित होगी।
इस उपलब्धि पर जिला क्रीड़ा अधिकारी चंदन सिंह बिष्ट, चंपावत एथलेटिक एसोसिएशन के अध्यक्ष संग्राम सिंह यादव और सचिव हर्ष सहित कई खेल प्रशिक्षकों और पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


