in , , , , , , , , ,

वरिष्ठ पत्रकार पर मुकदमे के विरोध में चम्पावत में उबाल, भाजपा नेता कुलदीप सिंह राणा का पुतला दहन कर जताया आक्रोश,

निष्पक्ष पत्रकारिता के समर्थन में चम्पावत में प्रदर्शन, मुकदमा वापस लेने की मांग

चम्पावत:

जिला मुख्यालय में प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने उधमसिंह नगर जिले के खटीमा में वरिष्ठ पत्रकार के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर कड़ा विरोध जताया। पत्रकारों ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए नाराजगी व्यक्त की।

विरोध स्वरूप मीडिया कर्मियों ने मोटर स्टेशन क्षेत्र में एकत्र होकर नारेबाजी की और खटीमा के भाजपा नेता कुलदीप सिंह राणा का पुतला दहन किया। इसके बाद पत्रकारों ने जिलाधिकारी (डीएम) और पुलिस अधीक्षक (एसपी) के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की।

मीडिया कर्मियों के अनुसार खटीमा के पत्रकार दीपक फुलेरा ने क्षेत्र में चल रहे रसोई गैस संकट को लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग की थी। आरोप है कि इसी रिपोर्टिंग से असंतुष्ट होकर भाजपा नेता कुलदीप सिंह राणा द्वारा पुलिस को तहरीर दी गई, जिसके आधार पर खटीमा पुलिस ने पत्रकार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

पत्रकारों का कहना है कि बिना समुचित जांच के की गई इस कार्रवाई से स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित होती है। उन्होंने इस घटनाक्रम को लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत बताते हुए संबंधित मुकदमे को तत्काल निरस्त करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों ने स्पष्ट किया कि वे निष्पक्ष पत्रकारिता के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट हैं और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी आंदोलन जारी रखेंगे।

इस विरोध कार्यक्रम में जिला पत्रकार संगठन के अध्यक्ष चंद्रबल्लभ ओली, महामंत्री गिरीश बिष्ट, कोषाध्यक्ष दिनेश भट्ट सहित लक्ष्मण सिंह बिष्ट, पंकज पाठक, विपिन जोशी, राहुल महर, सूरी पंत, सतीश जोशी और अन्य मीडिया कर्मी उपस्थित रहे।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

“विकास चाहिए, विनाश नहीं: टनकपुर–बनबसा फोरलेन परियोजना में बदलाव की मांग तेज”

“गौ माता सड़कों पर बेसहारा: आस्था और हकीकत के बीच बड़ा सवाल” “पूजा से परे सच: आखिर क्यों सड़कों पर भटक रही हैं गौ माताएं?”