टनकपुर–पीलीभीत रेल मार्ग पर शुक्रवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा होने से बच गया। टनकपुर से पीलीभीत जा रही एसएस-22 पैसेंजर ट्रेन को पलटाने की साजिश की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार टनकपुर और बनबसा स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक पर किसी व्यक्ति ने लोहे का बड़ा पाइप रख दिया था। ट्रेन के लोको पायलट ने समय रहते ट्रैक पर रखी संदिग्ध वस्तु को देख लिया और तुरंत इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। लोको पायलट की सतर्कता के कारण संभावित बड़ा हादसा टल गया और सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में ट्रैक से लोहे का पाइप हटाया गया और सुरक्षा जांच के बाद लगभग 45 मिनट की देरी से ट्रेन को आगे रवाना किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ ने आसपास के क्षेत्र में सर्च अभियान चलाया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी आमिर खान (32) पुत्र अनवर, निवासी ग्राम मनिहारगोठ, टनकपुर बताया गया है।
आरपीएफ के अनुसार आरोपी के खिलाफ रेलवे अधिनियम की धारा 153, 147 तथा रेलवे अधिनियम 53/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि इन दिनों टनकपुर क्षेत्र में विश्व प्रसिद्ध मां पूर्णागिरि मेले के कारण यात्रियों की संख्या काफी बढ़ी हुई है। रोजाना बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रेन के माध्यम से यहां पहुंच रहे हैं। ऐसे में रेलवे और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और सख्त कर दिया है।
रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी ट्रैक या स्टेशन के आसपास कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत इसकी सूचना रेलवे या पुलिस को दें।

