in , , , , ,

हल्द्वानी वन प्रभाग का सराहनीय प्रयास, विद्यार्थियों को जंगल सफारी के माध्यम से कराया प्रकृति से परिचय

टनकपुर के छात्रों ने की जंगल सफारी, वन्यजीव और जंगल संरक्षण के प्रति हुए जागरूक

टनकपुर। प्रकृति और वन्यजीवों के प्रति नई पीढ़ी में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हल्द्वानी वन प्रभाग द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। प्रभागीय वनाधिकारी, हल्द्वानी वन प्रभाग तथा उप प्रभागीय वनाधिकारी, शारदा के निर्देशानुसार शारदा वन क्षेत्र के अंतर्गत टनकपुर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए नंधौर वन्यजीव अभ्यारण्य की शारदा रेंज स्थित ककराली गेट से जंगल सफारी कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बस्तिया के 25 विद्यार्थियों तथा राधे हरि राजकीय इंटर कॉलेज, टनकपुर के 25 विद्यार्थियों को जंगल सफारी कराई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को जंगल के प्राकृतिक वातावरण से रूबरू होने और वन्यजीवों के महत्व को समझने का अवसर मिला।

         

सफारी के दौरान शारदा वन क्षेत्राधिकारी सुनील शर्मा ने ककराली स्थित रिसेप्शन सेंटर परिसर में विद्यार्थियों को जंगल की जैव विविधता, वन्यजीवों की भूमिका तथा पर्यावरण संतुलन में वनों के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही वन विभाग द्वारा चलाए जा रहे वृक्षारोपण, वन संरक्षण, मृदा एवं जल संरक्षण जैसे कार्यों के बारे में भी विद्यार्थियों को अवगत कराया गया।

वन कर्मियों ने बच्चों को वनाग्नि से होने वाले नुकसान तथा उससे बचाव के उपायों के बारे में भी जागरूक किया। कार्यक्रम को रोचक बनाने के लिए विद्यार्थियों के बीच चित्रकला प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों ने प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण से जुड़े सुंदर चित्र बनाकर अपनी रचनात्मकता दिखाई।

इस अवसर पर वन दरोगा मुकेश तड़ागी, भैरव सिंह बिष्ट, सुनील सिंह भाकुनी, पुष्पेंद्र सिंह राणा, यशपाल सिंह तथा वन आरक्षी पूजा, सुमन, रंजना सहित अन्य वन कर्मी उपस्थित रहे।

यह पहल न केवल विद्यार्थियों को प्रकृति से जोड़ने का एक प्रभावी प्रयास है, बल्कि भविष्य की पीढ़ी को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदार बनाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने इस कार्यक्रम के लिए वन विभाग की भूरी-भूरी प्रशंसा की और इसे प्रकृति संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल बताया।

Shubham Gaur

Written by Shubham Gaur

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

शारदा बैराज पर अस्थायी दुकानों को लेकर बवाल, GM के खिलाफ सड़क पर उतरे व्यापारी, एनएचपीसी के महाप्रबंधक का पुतला जलाकर किया विरोध।

देश की सुरक्षा का मजबूत स्तंभ CISF — 57वां स्थापना दिवस गरिमामय ढंग से मनाया गया