टनकपुर के ककराली गेट नंबर एक स्थित लिसा डिपो के पास नई बस्ती वार्ड नंबर 5 में आज एक दुखद घटना घटी। जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 5 की कुछ महिलाएं जंगल क्षेत्र में लकड़ी बीनने गई हुई थीं। इसी दौरान अचानक एक जंगली हाथी वहां पहुंच गया और महिलाओं के पीछे दौड़ पड़ा।
घटना के दौरान एक महिला, जिसकी पहचान माधुरी (पत्नी भूपराम), निवासी नई बस्ती वार्ड नंबर 5 के रूप में हुई है, हाथी के हमले की चपेट में आ गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। क्षेत्र में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अकेले जंगल की ओर न जाएं और सतर्कता बरतें। प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया गया है।
यह घटना एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर समस्या को उजागर करती है।


